उत्तरकाशी के बादल फटने के बाद मलबे ने भारी तबाही मचाई है। इसके बाद शहर के सभी सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। साथ ही लाउडस्पीकर से लोगों को अलर्ट रहने की अपील की जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले करीब 4 दिनों तक उत्तरकाशी में बारिश होगी। 5 और 6 अगस्त को उत्तरकाशी में भारी बारिश का हाई अलर्ट जारी किया गया है। बताया जा रहा है कि अब बारिश उत्तरकाशी में लोगों के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकती है।
भारी बारिश का अलर्ट जारी
मौसम विभाग के मुताबिक, भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की जा रही है। 9 तारीख तक उत्तरकाशी में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लेकिन 5 अगस्त की रात और 6 को भाारी बारिश होने का अनुमान लगाया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन ने राहत बचाव कार्य शुरू कर रखा है। गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे ने बताया कि स्थिति पर कड़ी नज़र रखी जा रही है, प्राथमिकता लोगों को सुरक्षित इलाकों में पहुंचाने की है। सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें राहत बचाव कार्य में जुटी है।
हरिद्वार में अलर्ट, स्कूल-कॉलेज और आंगनवाड़ी बंद
हरिद्वार में भारी बारिश के अलर्ट के बाद 6 अगस्त को सभी सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेजों को बंद करने का आदेश जारी किया गया है। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि भारत मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया गया है। आगामी 24 घंटों में जनपद हरिद्वार में भारी वर्षा, अत्यधिक भारी वर्षा के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।