उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने महर्षि वाल्मीकि जयंती के पावन अवसर पर 26 अक्टूबर को पूरे प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है. इस आदेश के तहत राज्य के सभी सरकारी और निजी स्कूल, कॉलेज व शिक्षण संस्थान पूरी तरह बंद रहेंगे. यूपी सरकार के साल 2026 के आधिकारिक अवकाश कैलेंडर में भी इस दिन को सार्वजनिक अवकाश के रूप में दर्ज किया गया है. सरकार इस दिन को पूरे प्रदेश में बड़े स्तर पर मनाने जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार राज्य के सभी 75 जिलों में महर्षि वाल्मीकि मंदिरों और रामायण से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों पर विशेष कार्यक्रम होंगे. इन स्थलों पर दीपदान, अखंड रामायण पाठ, भजन संध्या और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी.
आयोजनों का मुख्य उद्देश्य महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण के सामाजिक समरसता, मानवीय मूल्यों और राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है.
तहसील और ब्लॉक स्तर पर भी भव्य आयोजन
यह कार्यक्रम केवल जिला मुख्यालयों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि तहसील और विकासखंड स्तर पर भी आयोजित किए जाएंगे. आयोजन स्थलों पर हवन-पूजन, दीप प्रज्ज्वलन और लव-कुश प्रसंग से जुड़े प्रसंगों का मंचन होगा. मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आयोजन स्थलों पर सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, रोशनी और ध्वनि की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.
चित्रकूट और बिठूर में जुटेंगे श्रद्धालु
महर्षि वाल्मीकि की पावन तपोस्थली चित्रकूट के लालापुर में विशेष और भव्य कार्यक्रम की तैयारी है. यहां रामलीला मंचन, रामायण पाठ और नदी किनारे भव्य आरती होगी, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है. इसके अलावा कानपुर के बिठूर स्थित वाल्मीकि आश्रम, राजापुर के तुलसीदास आश्रम, अयोध्या, प्रयागराज और श्रावस्ती में भी बड़े पैमाने पर धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.