UP Election 2027: सपा ने बदला छात्रसभा का ड्रेस कोड, अब नीली शर्ट-पैंट और टी-शर्ट में दिखेंगे कार्यकर्ता

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी ने छात्रसभा के ड्रेस कोड में बड़ा बदलाव किया है. अब कार्यकर्ता नीली शर्ट-पैंट या नीली जींस और टी-शर्ट में नजर आएंगे. सपा के इस कदम को दलित और युवा मतदाताओं तक अपनी पहुंच मजबूत करने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है.

Akhilesh yadav.jpg

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी ने छात्रसभा का ड्रेस कोड बदल दिया है. (फोटो- ANI)

विज्ञापन

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी ने अपने संगठन और चुनावी संदेश में एक नया रंग जोड़ दिया है. पार्टी की छात्रसभा के कार्यकर्ता अब नीली शर्ट-पैंट या नीली जींस और टी-शर्ट में नजर आएंगे. नई टी-शर्ट पर समाजवादी छात्रसभा का लोगो और पार्टी का चुनाव चिह्न साइकिल भी रहेगा. सपा की पहचान अब तक मुख्य रूप से लाल टोपी और लाल गमछे से रही है. ऐसे में छात्रसभा के ड्रेस कोड में नीले रंग को शामिल किया जाना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

दलित वोटरों पर सपा की नजर

नीला रंग उत्तर प्रदेश की राजनीति में लंबे समय से दलित आंदोलन और बहुजन राजनीति से जुड़ा रहा है. बहुजन समाज पार्टी की राजनीतिक पहचान में भी नीले रंग की प्रमुख भूमिका रही है. ऐसे में सपा का अपनी छात्र इकाई की पोशाक में नीला रंग शामिल करना दलित मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.

विज्ञापन

समाजवादी पार्टी पिछले कुछ चुनावों से PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण को अपनी राजनीति का अहम आधार बना रही है. 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने उत्तर प्रदेश में 37 सीटें जीती थीं. इसके बाद सपा नेतृत्व की कोशिश इस सामाजिक आधार को विधानसभा चुनाव तक बनाए रखने और उसे और बढ़ाने की है.

अखिलेश यादव के तेवर भी बदले

ड्रेस कोड में बदलाव से पहले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी नीले रंग के गमछे में नजर आए थे. 31 अगस्त को पार्टी के जिला और महानगर अध्यक्षों की बैठक के दौरान उनके गले में नीला गमछा था. इसके बाद छात्रसभा की पोशाक में नीला रंग शामिल किए जाने से इस बदलाव को लेकर राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई हैं.

पार्टी की रणनीति में छात्र और युवा कार्यकर्ताओं को भी अहम भूमिका दी जा रही है. सपा नेतृत्व का मानना है कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में युवा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है. इसी दिशा में छात्रसभा को राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर अधिक सक्रिय करने की तैयारी की जा रही है.

विज्ञापन

2027 से पहले सियासी संदेश

सपा के ड्रेस कोड में नीले रंग की एंट्री को केवल कपड़ों में बदलाव की तरह नहीं देखा जा रहा है बल्कि इसके पीछे पार्टी के सामाजिक विस्तार की रणनीति भी नजर आ रही है. खासकर दलित युवाओं के बीच अपनी राजनीतिक मौजूदगी बढ़ाना सपा के लिए अहम लक्ष्य है.

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Versha Singh

Versha Singh

वर्षा स‍िंह News 24 ड‍िजिटल में बतौर सीन‍ियर सब एड‍िटर के पद पर कार्यरत हैं. वर्षा को ड‍िजिटल मीड‍िया में 6 साल से अधि‍क का अनुभव है. राष्‍ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और समसमाय‍िक व‍िषयों पर वर्षा की अच्‍छी पकड़ है. इसके अलावा राजनीत‍िक, क्राइम और ट्रेंडिंग खबरें भी ल‍िखती हैं. वर्षा ने मास्टर इन न्यू मीडिया टेक्नोलॉजी की पढ़ाई माखन लाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी, भोपाल से की है और जर्नलिज्म एवं मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री लखनऊ विश्वविद्यालय से प्राप्त की है. वर्षा अपने करियर में Jagran New Media, Asia News International (ANI) और ETV Bharat जैसे प्रमुख मीडिया संस्थानों के साथ काम कर चुकी हैं. उन्हें हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में लेखन और समसामयिक घटनाओं, राजनीति, हाइपरलोकल खबरों और मानवीय रुचि से जुड़ी कहानियों को डिजिटल दर्शकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का अनुभव है.
... और पढ़ें

/ताज़ा खबरें

विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ