UP By Election Exit Poll 2024: यूपी एग्जिट पोल के नतीजे सामने आ चुके हैं। बीजेपी को सपा से अधिक सीटें मिलती दिख रही हैं। अलग-अलग एग्जिट पोल्स में बीजेपी की सीटें अधिक दिखाई गई हैं। मैट्रिज के पोल के मुताबिक बीजेपी को 7 और सपा को 2 सीटें मिल सकती हैं। यूपी उपचुनाव में 9 सीटों पर 90 उम्मीदवार मैदान में थे। गाजियाबाद सीट पर सबसे अधिक 14 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा। वहीं, खैर (सुरक्षित) और सीसामऊ सीट पर सबसे कम 5-5 कैंडिडेट मैदान में थे। 2022 विधानसभा चुनाव में ये सीटें सपा, बीजेपी और आरएलडी के बीच बंट गई थीं। उपचुनाव के नतीजों का ऐलान 23 नवंबर को होना है। देखने वाली बात होगी कि रुझान नतीजों में कितने तब्दील होते हैं?
यूपी में फिलहाल 10 सीटें खाली हैं। लेकिन 9 सीटों पर उपचुनाव करवाया गया है। इनमें मैनपुरी की करहल, आंबेडकर नगर की कटेहरी, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर की मीरापुर, कानपुर नगर की सीसामऊ, मिर्जापुर की मझवां, प्रयागराज की फूलपुर, अलीगढ़ की खैर, और मुरादाबाद की कुंदरकी सीट शामिल हैं। रुझानों के मुताबिक बीजेपी गठबंधन कटेहरी, मीरापुर, गाजियाबाद, मझवां, सीसामऊ, खैर और फूलपुर सीट पर जीत हासिल कर सकता है। वहीं, करहल और कुंदरकी से सपा जीत सकती है।
फिलहाल विधानसभा में ये है स्थिति
जिन सीटों पर उपचुनाव हुआ है, उनमें 8 सीटों पर विधायक सांसद बन गए थे। जिसके बाद इन सीटों को खाली करना पड़ा। वहीं, सीसामऊ सीट से इरफान सोलंकी को दोषी ठहराए जाने के बाद रिक्त घोषित कर दिया गया था। यूपी विधानसभा में फिलहाल बीजेपी के 251 विधायक हैं। जबकि रालोद के पास 8, अपना दल (सोनेलाल) के पास 13 सुभासपा के पास 6 और सपा के पास 105 विधायक हैं। बसपा के पास 1 और कांग्रेस व जनसत्ता दल के पास 2-2 विधायक हैं। 10 सीटें रिक्त थीं।