Ghaziabad News: गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट से आज यानी गुरूवार को भी मुंबई जाने वाली फ्लाईट को दूसरे दिन रद्द कर दिया गया है। इससे पहले बुधवार को मुंबई जाने वाली उड़ान को रद्द किया गया था। बीते रविवार शाम से ही हिंडन एयरपोर्ट पर उड़ानों को लेकर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट में उड़ानों की संख्या बढ़ने के कारण विमानों के परिचालन में परेशानी हो रही है। जिसके कारण यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बीते रविवार को फ्लाईट में लगभग 18 घंटे की देरी हुई थी। बार-बार सामने आ रही इस समस्या को लेकर यात्रियों में नाराजगी है।
जल्द होगा समस्या का समाधान
हिंडन एयरपोर्ट पर उड़ानों को लेकर आ रही इन समस्याओं का कारण टर्मिनल पर फ्लाइट की बढ़ी संख्या को माना जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि उड़ानों के दौरान मिलने वाला कम समय भी इसके लिए परेशानी खड़ी कर रहा है। वहीं इस मामले में हिंडन एयरपोर्ट सलाहकार समिति के अध्यक्ष सांसाद अतुल गर्ग के अनुसार, हिंडन एयरपोर्ट पर आ रही इस समस्या को लेकर एविएशन चेयरमैनऔर रक्षा विभाग से बात की जा रही है। फिलहाल इस समस्या को देखते हुए कुछ समय के लिए फ्लाइट कम करने का निर्णय लिया गया है। जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।
रविवार को कोलकाता जाने वाली फ्लाइट में आई थी परेशानी
इससे पहले रविवार शाम को 5:05 पर गाजियाबाद के हिंड़न एयरपोर्ट सिविल टर्मिनल से एयर इंडिया एक्सप्रेस की कोलकाता जाने वाली एक फ्लाइट IX-1512 में तकनीकी खराबी के कारण उड़ान नहीं भर सकती थी। इसके बाद यात्रियों ने हंगामा किया था। इसके अलावा अहमदाबाद और मुंबई के यात्री भी देर शाम तक फ्लाइट आने का एयरपोर्ट पर इंतजार करते रहे थे। इसके बाद एयरलाइंस ने यात्रियों को होटल में ठहराया था और सोमवार सुबह फ्लाइट से ले जाने की बात कही थी। इसके बाद सोमवार सुबह भी फ्लाइट की उड़ान भरने में देरी हो गई। जिससे नाराज यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा किया। इस दौरान यात्री अपूर्वा द्वारा सोशल मीडिया पर शिकायत की गई थी।