नोएडा प्राधिकरण सेक्टर-94 स्थित पोस्टमार्टम हाउस की रोड को रिडिजाइन करेगा। साथ ही इस रोड पड़ने वाले गोल चक्कर पर भी काम होगा। दरअसल, इस गोल चक्कर के आकार को कम किया जाएगा। प्राधिकरण एसीईओ ने इन रास्तों का निरीक्षण किया है। उन्होंने रिडिजाइन कराने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
गोल चक्कर पर सुबह और शाम लगता है जाम
दरअसल ओखला बर्ड सेंचुरी मेट्रो स्टेशन से सेक्टर-125 की तरफ जाने वाली सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। इसी रोड पर सेक्टर-94 स्थित पोस्टमार्टम हाउस के सामने गोल चक्कर पर सुबह और शाम के समय जाम लगता है। शिकायत मिलने पर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ संजय खत्री ने संबंधित अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया है। उन्होंने निरीक्षण करने के बाद गोलचक्कर को कंसल्टेंट से नया रूप दिलवाने की योजना बनाई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
सड़कों का डिजाइन ऐसे होगा तैयार
एसीईओ ने आसपास की सड़कों का डिजाइन भी ट्रैफिक की जरूरतों के हिसाब से तैयार किया जाए। एसीईओ ने इसके बाद यहां सेक्टर-94 पशु आश्रय स्थल का भी निरीक्षण किया। परिसर में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। उन्होंने सीसीटीवी की संख्या बढ़ाने और व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। एसीईओ ने वेस्ट टू वंडर पार्क (जंगल ट्रेल) का भी दौरा किया।
एक्सप्रेसवे पर प्रवेश द्वार पर बनाई ट्रैफिक योजना
एसीईओ ने यहां बने विभिन्न महाद्वीपीय क्षेत्रों (एशिया, अफ्रीका, यूरोप आदि) को और आकर्षक बनाने और सेल्फी प्वाइंट विकसित करने के निर्देश दिए। जंगल ट्रेल का प्रवेश द्वार महामाया फ्लाईओवर के पास बनाया जाना है। एक्सप्रेसवे पर प्रवेश द्वार और अधिक यातायात वाले स्थानों के लिए अलग से ट्रैफिक योजना बनानी होगी।