Noida News: नोएडा में विश्वासघात की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। सेक्टर-137 स्थित पैरामाउंट फ्लोरविला सोसायटी में एक घरेलू सहायक ने ठेकेदार के घर से लाखों की नकदी और सोने के सिक्के चुराकर फरार हो गया। सेक्टर-142 कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
800 ग्राम सोना और 5.71 लाख रुपये मिले
पुलिस ने आरोपी के पास से 100-100 ग्राम वजन के आठ सोने के आयताकार सिक्के बरामद किए है जिनकी कुल कीमत करीब 80 लाख रुपये आंकी गई है। साथ ही 5 लाख 71 हजार 200 रुपये नकद भी बरामद किए है। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
दो साल से था नौकरी
पीड़ित सतीश सिन्हा टाटा कंपनी के लिए कंस्ट्रक्शन का ठेका लेते है। वह अपनी पत्नी के साथ फ्लैट में रहते है। उन्होंने दो वर्ष पूर्व कृष्ण कुमार पांडे (22) निवासी जिला भोजपुर (बिहार) को घरेलू सहायक के तौर पर रखा था। आरोपी फ्लैट में रहकर काम करता था। उसके लिए अलग सर्वेंट रूम था।
चोरी के दिन की थी पूरी प्लानिंग
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति अवस्थी ने बताया कि 17 अगस्त को जब सतीश सिन्हा और उनकी पत्नी घर से बाहर थे। तभी आरोपी ने मौका देखकर अलमारी तोड़ी। नकदी व सोने के सिक्के लेकर फरार हो गया। चोरी से पहले उसने सीसीटीवी कैमरे को बंद कर दिया था ताकि फुटेज में कुछ रिकॉर्ड न हो सके। आरोपी ने इस घटना की पूर्व योजना बना रखी थी।
नागपुर भागने की फिराक में था आरोपी
घटना के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर लिया था और नागपुर में एक दोस्त के पास छिपने की योजना बना रहा था। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार को जीएमआईटी पार्क के पास ग्रीन बेल्ट गेट से उसे दबोच लिया गया।
जल्द अमीर बनने की चाह में बन गया चोर
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लंबे समय से घरेलू सहायक की नौकरी छोड़कर जल्द अमीर बनने की सोच रहा था। कृष्ण कुमार का परिवार बिहार में रहता है। वह चोरी की रकम से नया जीवन शुरू करने का सपना देख रहा था। चोरी की रकम से वह अपनी अच्छी व धूमधाम से शादी करना चाहता था।