दिल्ली से सटे नोएडा के सेक्टर-62 निवासियों के लिए बेहद जरूरू सूचना है. मेट्रो रेल लाइन-3 के विस्तार कार्य के तहत 9 अप्रैल से 10 जून तक गाजियाबाद की ओर जाने वाली सर्विस रोड पूरी तरह बंद रहेगी. इस बंदी से सेक्टर-62 के गोल चक्कर से होकर गुजरने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने पड़ेंगे, जिससे यात्रियों को असुविधा हो सकती है.
क्यों बंद हुई ये सर्विस रोड?
यह सर्विस रोड नोएडा सेक्टर-62 से गुजरते हुए दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के अंडरपास के रास्ते इंदिरापुरम तक जाती है. मेट्रो प्राधिकरण के अनुसार, मेट्रो पिलर नंबर 386 के पास स्टील स्पैन लगाने का कार्य चल रहा है. यह काम नोएडा सिटी सेंटर से नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी तक मेट्रो लाइन के विस्तार का हिस्सा है, जिसमें ट्रेन रिवर्सल सुविधा विकसित की जा रही है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस अवधि के दौरान रोड पर किसी प्रकार का आवागमन नहीं होगा.
---विज्ञापन---
तेजी से हो रहा मेट्रो नेटवर्क का विस्तार तेजी
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार तेजी से हो रहा है. कुल तीन नए कॉरिडोर विकसित किए जा रहे हैं, जो क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करेंगे. पहला कॉरिडोर सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन तक फैलेगा. इसमें बॉटेनिकल गार्डन से नोएडा सेक्टर-44, नोएडा कार्यालय, सेक्टर-97, सेक्टर-105, सेक्टर-108, सेक्टर-93 और पंचशील बॉयज इंटर कॉलेज तक स्टेशन बनेंगे. यह रूट यात्रियों को पूर्वी दिल्ली और नोएडा के प्रमुख क्षेत्रों से जोड़ेगा.
---विज्ञापन---
यह भी पढ़ें: गाजियाबाद की सोसाइटी में आवारा कुत्तों का आतंक, 15 वर्षीय बच्चे को किया गंभीर रूप से घायल
मेट्रो से जुड़ेंगे ग्रामीण इलाके
दूसरा कॉरिडोर ग्रेटर नोएडा डिपो से जूनपत और बोडाकी एक्सटेंशन तक होगा. यहां जूनपत गांव और बोडाकी पर दो नए स्टेशन तैयार हो रहे हैं, जो ग्रामीण इलाकों को मेट्रो से जोड़ेंगे. तीसरा रूट नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-4 तक विस्तृत होगा. इसमें सेक्टर-61, 70, 122-123 और ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 के स्टेशन शामिल हैं. इन परियोजनाओं से लाखों यात्रियों को दैनिक सफर में राहत मिलेगी.
NMRC ने की ये अपील
नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (NMRC) ने यात्रियों से अपील की है कि वे डायवर्जन रूट का पालन करें और सोशल मीडिया पर अपडेट्स चेक करते रहें. विशेषज्ञों का मानना है कि ये विस्तार कार्य पूर्ण होने पर नोएडा-ग्रेटर नोएडा क्षेत्र ट्रैफिक जाम से मुक्ति पा लेगा। फिलहाल, सेक्टर-62 के निवासी वैकल्पिक रास्तों जैसे सेक्टर-63 या हाईवे मार्ग का उपयोग कर सकते हैं। कार्य की समयसीमा में कोई बदलाव न हो, इसके लिए टीमें दिन-रात लगी हैं.