हमारे साथ जुड़ें X IG YT FB

falseनोएडा में मजदूरों ने गाड़ियां फूंकी, 5 इलाकों में भारी बवाल के बाद दिल्ली बॉर्डर सील

विज्ञापन

दिल्ली से सटे नोएडा और ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक इलाकों में पिछले तीन दिनों से चल रहा मजदूरों का आंदोलन गुरुवार को बेहद उग्र हो गया. अपनी मांगों को लेकर अड़े हजारों श्रमिकों ने फेस-2 और सेक्टर-84 समेत कई इलाकों में जमकर उत्पात मचाया. प्रदर्शनकारियों ने न केवल गाड़ियों में तोड़फोड़ की, बल्कि पुलिस की एक गाड़ी को पलट दिया और दो अन्य वाहनों को आग के हवाले कर दिया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली से नोएडा में होने वाली एंट्री को फिलहाल रोक दिया है. नोएडा के अलग-अलग इंडस्ट्रियल एरिया जैसे फेस-2, सेक्टर-15, कुलेसरा, सेक्टर-62 और सेक्टर-63 में हालात तनावपूर्ण हैं.

मदरसन कंपनी के पास भड़की हिंसा

जानकारी के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा के फेस-2 स्थित मदरसन कंपनी के पास प्रदर्शन कर रहे कर्मचारी अचानक हिंसक हो गए. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस टीम पर पथराव किया और सरकारी वाहनों को निशाना बनाया. देखते ही देखते भीड़ ने पुलिस की गाड़ी पलट दी. होजरी कॉम्प्लेक्स डी-ब्लॉक में रिचा ग्लोबल गारमेंट्स के कर्मचारियों ने भी सड़क पर उतरकर नारेबाजी की.

प्रशासन के आश्वासन का नहीं हुआ असर

हैरानी की बात यह है कि बीते कल जिला प्रशासन, पुलिस और प्राधिकरण के अधिकारियों ने श्रमिकों के साथ बैठक कर उनकी मांगें मानने का भरोसा दिया था. हालांकि, प्रशासन की इस अपील और आश्वासन का मजदूरों पर कोई असर नहीं हुआ और चौथे दिन भी वे सड़कों पर डटे रहे. मजदूरों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें ठोस रूप से पूरी नहीं होती, प्रदर्शन जारी रहेगा.

विज्ञापन

भारी पुलिस बल तैनात, अफवाहों से बचने की अपील

बवाल के बाद कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया है. मौके पर भारी पुलिस बल और पीएसी (PAC) की तैनाती की गई है. वरिष्ठ अधिकारी खुद मोर्चा संभाले हुए हैं और ड्रोन के जरिए निगरानी रखी जा रही है.

पुलिस प्रशासन का बयान:

“औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. हम लगातार श्रमिकों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं. शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार न्यूनतम बल प्रयोग किया जा रहा है. आम जनता किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और पुलिस का सहयोग करें.”

विज्ञापन

फिलहाल, नोएडा के इन सेक्टरों में भारी जाम की स्थिति है. यदि आप दिल्ली से नोएडा की ओर आ रहे हैं, तो वैकल्पिक रास्तों का चुनाव करें क्योंकि बॉर्डर पर चेकिंग और सुरक्षा कारणों से ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

Know More: Editorial Guidelines

Sponsored Links by Taboola