नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी के लोगों के लिए आज का दिन खास है. लंबे समय से जिस सिटी बस सेवा का इंतजार किया जा रहा था, वह अब शुरू हो गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल माध्यम से इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर दिया है, जो अब नोएडा की सड़कों पर दिखाई देने लगी हैं. इस नई सेवा का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित, सस्ती और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है. इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा, वहीं पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा. रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआत में 45 बसों को विभिन्न रूटों पर उतारा गया है.
यह भी पढ़ें: Lucknow Tourist Places: लखनऊ घूमने का बना रहे हैं प्लान? इन 5 शानदार जगहों को देखे बिना सफर रहेगा अधूरा
यात्रियों को मिलेगी आसान कनेक्टिविटी
नई बस सेवा शुरू होने से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, ग्रेटर नोएडा, यमुना सिटी और नोएडा के बीच यात्रा पहले से अधिक आसान हो जाएगी. कम किराये में लोग कई महत्वपूर्ण स्थानों तक पहुंच सकेंगे. अधिकारियों के अनुसार बसों का संचालन चरणबद्ध तरीके से बढ़ाया जाएगा और आने वाले दिनों में कई अन्य रूटों को जोड़ा जा सकता है, जिससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को विशेष लाभ मिले.
यूपी का पहला इलेक्ट्रिक बस डिपो भी हुआ तैयार
इस परियोजना के साथ उत्तर प्रदेश का पहला आधुनिक इलेक्ट्रिक बस डिपो भी तैयार हो गया है. नोएडा के सेक्टर-90 में बने इस डिपो से सभी ई-बसों का संचालन किया जाएगा. यहां बसों की बैटरी चार्ज करने के लिए अत्याधुनिक चार्जिंग स्टेशन लगाए गए हैं. इतना ही नहीं, वाहनों के रखरखाव और तकनीकी जांच के लिए आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की गई हैं.
क्या रहेगा रूट और किराया
- ग्रेटर नोएडा वेस्ट (एकमूर्ति) से सेक्टर-52 मेट्रो तक - 20 रुपये
- परी चौक से नोएडा एयरपोर्ट (जीबीयू और दनकौर होते हुए)- 50 रुपये
- परी चौक से जीबीयू- 20 रुपये
- नोएडा सिटी सेंटर से सूरजपुर कलेक्ट्रेट- 50 रुपये
- चारमूर्ति से एयरपोर्ट (तिलपता मार्ग)- 50 रुपये
- सूरजपुर से एयरपोर्ट (गलगोटिया और दनकौर मार्ग)- 50 रुपये
- मकोड़ा से एयरपोर्ट (एक्सपो मार्ट और जेवर कट मार्ग) – 50 रुपये
- चार मूर्ति से एयरपोर्ट वाया बिसरख, सूरजपुर - 50 रुपये
- ईकोटेक-16 से एयरपोर्ट (स्वर्णनगरी और जीबीयू मार्ग) -50 रुपये
बॉटनिकल गार्डन से ग्रेटर नोएडा वेस्ट और एयरपोर्ट तक विशेष रूट संचालित होंगे. इनमें;
- बॉटनिकल गार्डन से सिटी सेंटर, होशियारपुर, ग्रेनो वेस्ट एक मूर्ति तक.
- बॉटनिकल गार्डन, नोएडा एक्सप्रेसवे, परी चौक, गलगोटिया यूनिवर्सिटी, दनकौर, रबूपुरा, एयरपोर्ट तक.
- बॉटनिकल गार्डन से अगाहपुर, बरौला, विश्वकर्मा रोड, सेक्टर-50 मेट्रो स्टेशन, सेक्टर-75 नॉर्थ आई चौराहा, फेज-2 व सूरजपुर तक.
- बॉटनिकल गार्डन से सिटी सेंटर, सेक्टर-52 व सेक्टर-71 चौराहे, सेक्टर-62, गाजियाबाद में प्रताप विहार होते हुए आरआरटीएस स्टेशन तक.
किराये के नए स्लैब लागू, जानिए कितना देना होगा किराया
यात्रियों के लिए किराया तीन अलग-अलग श्रेणियों में निर्धारित किया गया है. 0 से 10 किलोमीटर तक यात्रा करने पर 20 रुपये, 10 से 30 किलोमीटर तक 30 रुपये और 30 किलोमीटर से ज्यादा दूरी के लिए 50 रुपये किराया देना होगा. पहले न्यूनतम किराया 10 रुपये और अधिकतम 30 रुपये प्रस्तावित था, लेकिन संचालन शुरू होने से पहले इसमें बदलाव किया गया.
यह भी पढ़ें: IT कानपुर में बिना JEE Advanced मिलेगा दाखिला, शुरू हुआ नया 4 वर्षीय कोर्स