दिल्ली से हरिद्वार जाने वालों को सरकार का बड़ा तोहफा! मेरठ से ऋषिकेश तक बनेगा 150 किमी लंबा ट्रैक, नमो भारत को उत्तराखंड तक ले जाने की तैयारी

Namo Bharat Train: दिल्ली-एनसीआर से हरिद्वार और ऋषिकेश की यात्रा जल्द और आसान हो सकती है. नमो भारत नेटवर्क को उत्तराखंड तक विस्तार देने की तैयारी शुरू हो गई है, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नई रफ्तार मिलेगी.

Namo Bharat Expansion Plan Delhi NCR to Haridwar

हरिद्वार-ऋषिकेश जाने वाले श्रद्धालुओं की बल्ले-बल्ले

Namo Bharat Train: दिल्ली-एनसीआर में रफ्तार का पर्याय बन चुकी नमो भारत ट्रेन का नेटवर्क अब जल्द ही उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच सकता है. नमो भारत ट्रेन का संचालन करने वाली संस्था नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन यानी एनसीआरटीसी ने इस बेहद महत्वपूर्ण विस्तार योजना पर शुरुआती काम शुरू करने के लिए अपनी सहमति दे दी है. एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल ने इस संबंध में उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन को एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने की इच्छा जताते हुए शुरुआती सर्वे और जरूरी रिपोर्ट तैयार करने के लिए बजट जारी करने का अनुरोध किया है.

विज्ञापन

शुरुआती सर्वे और डीपीआर के लिए मांगे 7.02 करोड़ रुपये

इस महायोजना को जमीन पर उतारने के पहले चरण के तहत एनसीआरटीसी ने रूट सर्वे, वैकल्पिक विश्लेषण रिपोर्ट और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट यानी डीपीआर तैयार करने के लिए उत्तराखंड सरकार से 7.02 करोड़ रुपये के बजट की मांग की है. इस पत्र के मिलने के बाद उत्तराखंड के मुख्य सचिव ने राज्य के परिवहन विभाग को निर्देश दिया है कि वे इस परियोजना के लिए एक औपचारिक प्रस्ताव तैयार करें ताकि इसे जल्द से जल्द राज्य कैबिनेट की मंजूरी के लिए पेश किया जा सके. परिवहन विभाग ने इसके लिए वित्त विभाग के साथ फंड की व्यवस्था को लेकर बातचीत का सिलसिला भी शुरू कर दिया है.

विज्ञापन

मेरठ से हरिद्वार और ऋषिकेश के बीच बनेगा ट्रैक

मौजूदा समय में दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर दिल्ली के सराय काले खां से शुरू होकर मेरठ के मोदीपुरम तक जाता है. नए प्रस्ताव के अनुसार मेरठ से आगे हरिद्वार और ऋषिकेश तक करीब 150 किलोमीटर का नया ट्रैक बिछाया जाएगा. इस 150 किलोमीटर लंबे रूट में से लगभग 72 किलोमीटर का हिस्सा उत्तर प्रदेश की सीमा में आएगा, जबकि बाकी का 78 किलोमीटर का हिस्सा उत्तराखंड के अंतर्गत कवर किया जाएगा. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस प्रोजेक्ट को लेकर केंद्र सरकार के साथ लगातार काम कर रहे हैं, वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉक्टर संजीव बालियान ने भी इस रूट में मुजफ्फरनगर को शामिल करने की पुरजोर वकालत की है.

विज्ञापन

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के बाद यात्रियों को मिलेगा एक और बड़ा तोहफा

यह नया प्रस्ताव दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के ठीक बाद आया है, जिसने दोनों शहरों के बीच सड़क मार्ग के सफर को घटाकर मात्र ढाई घंटे कर दिया है. अब नमो भारत रैपिड रेल का यह सीधा कनेक्शन सड़क मार्ग के बुनियादी ढांचे को और ज्यादा मजबूती देगा. इस रूट के चालू होने से हर साल हरिद्वार और ऋषिकेश आने वाले लाखों श्रद्धालुओं, पर्यटकों और दिल्ली-एनसीआर के बीच व्यापार करने वाले कारोबारियों को बहुत बड़ा फायदा मिलेगा. हालांकि प्रोजेक्ट अभी अपनी शुरुआती प्लानिंग स्टेज में है, लेकिन यह कदम उत्तर भारत में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को एक नए स्तर पर ले जाने वाला साबित होगा.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Raja Alam

Raja Alam

राजा आलम वर्तमान में News 24 हिंदी (B.A.G. Network) में सीनियर सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता में चार वर्षों के अनुभव के साथ नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर बारीकी से लेखन कर रहे हैं. पत्रकारिता की नींव देश की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU), अलीगढ़ से रखी, जहां से राजा आलम ने पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद, हिंदी लेखन में गहराई को और विस्तार दिया जब राजा ने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से हिंदी साहित्य में एम.ए. की डिग्री प्राप्त की. हर रोज़ कुछ नया सीखना और पाठकों तक सही, निष्पक्ष और भरोसेमंद खबर पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य रहा है. राजा के लेखन में आपको पत्रकारिता की गंभीरता के साथ-साथ पाठकों से जुड़ने वाली सरल भाषा और कंटेंट की विविधता दोनों मिलेंगे.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ