Intercity Express Train Fire : उत्तर प्रदेश के झांसी से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन की पैंट्री कार में अचानक से भीषण आग लग गई, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। धुएं का गुबार देख कुछ यात्री चलती ट्रेन से कूद गए। लोको पायलट ने आनन-फानन में ट्रेन रोकी और हादसे की सूचना स्थानीय रेलवे स्टेशन को दी। रेलवे प्रशासन की टीम मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
उदयपुर खजुराहो इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन शुक्रवार को मबोहा से झांसी जा रही थी। इस दौरान मऊरानीपुर रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की पैंट्री कार में आग लग गई। धुआं धीरे-धीरे ट्रेन के अन्य कोचों में फैल गया, जिससे यात्रियों में चीख पुकार मच गई। इस दौरान कुछ यात्री चलती ट्रेन से नीचे कूदने लगे।
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
इस हादसे के बाद लोको पायलट ने मऊरानीपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रोक दी। इसके बाद यात्रियों को ट्रेन से सुरक्षित बाहर निकाला गया। सूचना पर पहुंचे रेलवे के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अब टीम यह पता लगा रही है कि पैंट्री कार में आग लगने की क्या वजह है?
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इस घटना को लेकर कई वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें एसी कोच में धुएं दिखाई दे रहे हैं। साथ ही वीडियो में कोच से बिस्तर लेकर बाहर जाते कर्मचारी दिखाई दे रहे हैं। यात्री स्टेशन पर इधर-उधर घूमते और बैठे नजर आए। हालांकि, आग फैलने से पहले रेलवे प्रशासन ने स्थिति को कंट्रोल कर लिया।