हमारे साथ जुड़ें X IG YT FB
Trending: Tiger ShroffCJP ProtestGyanesh KumarBigg Boss 20

'चिल्लाते रहे यात्री, नहीं रोकी बस, ड्राइवर पीता रहा सिगरेट', कैसे यमुना एक्सप्रेसवे पर मिनटों में आग का गोला बनी बस

जब बस पूरी तरह आग की चपेट में आ गई तो ड्राइवर और कंडक्टर मौके से भाग गए. वहां पर मौजूद स्थानीय लोगों ने यात्रियों की जलती हुई बस से बाहर निकलने में मदद की.

विज्ञापन
इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई है. (Image - ANI Video Screenshot)

दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक स्लीपर बस में आग लगने से नौ लोगों की मौत हो गई. बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे, जिनमें से एक महिला और आठ पुरुषों की मौत हुई है. आग इतनी भीषण थी कि यात्रियों को बस से बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला. कुछ ही मिनटों में पूरी बस आग की चपेट में आ गई. कुछ यात्रियों ने बस से छलांग लगाकर भी अपनी जान बचाई है. बस दिल्ली से यूपी के महोबा जा रही थी. आग की वजह शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है.

बस ड्राइवर और कंडक्टर पवन और योगेश को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. बस का मालिक मध्य प्रदेश का रहने वाला है.

यह भी पढ़ें : ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में लगी आग, 9 यात्रियों की मौत

विज्ञापन

जब आने लगी जलने की बदबू

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले में बस में सफर कर रहे सुनील कुमार की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है. एफआईआर के मुताबिक, करीब 11.30 बजे बस में ड्राइवर के केबिन से कुछ जलने की बदबू आना शुरू हुई. कुछ यात्रियों ने ड्राइवर और कंडक्टर को इस बदबू के बारे में बताया. लेकिन उन्होंने उनकी कोई बात नहीं सुनी. उन्होंने कहा कि ऐसी बदबू तो बस में आती रहती है.

लपटें निकलने पर भी नहीं रोकी बस

एफआईआर में कहा गया है कि ड्राइवर ने बस की खराबी चेक करने लिए रोका नहीं. ड्राइवर और कंडक्टर दोनों ही लगातार केबिन में बीड़ी और सिगरेट पीते रहे. इसके बाद ड्राइवर की सीट के पास अचानक लपटें निकलना शुरू हो गईं. यात्री चिल्लाने लगे और ड्राइवर से बस रोकने को कहने लगे. ड्राइवर और कंडक्टर ने यात्रियों के बार-बार कहने के बावजूद शुरू में बस रोकने से मना कर दिया और उन्हें धमकाया. तब तक आग तेजी से पूरी बस में फैल चुकी थी और चारों तरफ धुआं भर गया था.

विज्ञापन

यह भी पढ़ें : नोएडा में ई-बस यात्रियों को बड़ी सुविधा! अब मोबाइल पर दिखेगी बसों की लाइव लोकेशन, अथॉरिटी ने जारी किए 5 नए रूट

भाग गए ड्राइवर-कंडक्टर

जब बस पूरी तरह आग की चपेट में आ गई तो ड्राइवर और कंडक्टर मौके से भाग गए. वहां पर मौजूद स्थानीय लोगों ने यात्रियों की जलती हुई बस से बाहर निकलने में मदद की. बस में लगे फायर एक्सटिंग्विशर भी यूज किया गया, ताकि आग बुझाई जा सके, लेकिन वो भी काम नहीं आया.

विज्ञापन

राष्ट्रपति, PM और CM ने जताया दुख

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे पर दुख जाहिर करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है, ‘उत्तर प्रदेश में यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक बस में आग लगने से लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है. मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं. इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं.’

राष्ट्रपति के अलावा पीएम नरेंद्र मोदी ने लिखा है, ‘उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बस में आग लगने की घटना में हुई मौतों के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं. घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं. मृतकों के परिजनों को PMNRF से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी. घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे.’

विज्ञापन

वहीं, सीएम योगी ने भी हादसे पर दुख जाहिर करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है, ‘यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक बस में दुर्भाग्यपूर्ण अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है. मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें.’

संबंधित खबरें

न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

Know More: Editorial Guidelines

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Arif Khan

आरिफ खान मंसूरी न्यूज 24 में बतौर डिप्टी न्यूज एडिटर कार्यरत हैं. आरिफ को डिजिटल पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा अनुभव हैं. उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लगातार तीन लोकसभा चुनाव के अलावा पिछले 15 सालों में देशभर में हुए विधानसभा चुनावों की भी व्यापक कवरेज की है. न्यूज 24 से पहले उन्होंने देश के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की थी, यहां देश, दुनिया और पॉलिटिक्स की खबरों पर काम किया. आरिफ ने इसके बाद इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप की हिंदी वेबसाइट जनसत्ता के साथ अपनी पारी शुरू की. इसके बाद उन्होंने हिंदुस्तान टाइम्स की हिंदी न्यूज वेबसाइट लाइवहिंदुस्तान ज्वाइन कर लिया. लाइवहिंदुस्तान.कॉम के बाद वह एनडीटीवी ग्रुप के साथ जुड़ गए. एनडीटीवी में करीब छह साल तक काम करने के बाद न्यूज24 के साथ जुड़ गए. न्यूज24 में भी होमपेज की जिम्मेदारी संभालते हैं. शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उन्होंने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से कला संकाय में स्नातक और मास्टर ऑफ जर्नलिज्म की डिग्री हासिल की है. आरिफ देश, विदेश और राजनीति से जुड़ी खबरों के अलावा एक्सप्लेनर लिखने में भी माहिर हैं.
... और पढ़ें

ताज़ा खबरें

Sponsored Links by Taboola