दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक स्लीपर बस में आग लगने से नौ लोगों की मौत हो गई. बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे, जिनमें से एक महिला और आठ पुरुषों की मौत हुई है. आग इतनी भीषण थी कि यात्रियों को बस से बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला. कुछ ही मिनटों में पूरी बस आग की चपेट में आ गई. कुछ यात्रियों ने बस से छलांग लगाकर भी अपनी जान बचाई है. बस दिल्ली से यूपी के महोबा जा रही थी. आग की वजह शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है.
बस ड्राइवर और कंडक्टर पवन और योगेश को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. बस का मालिक मध्य प्रदेश का रहने वाला है.
जब आने लगी जलने की बदबू
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले में बस में सफर कर रहे सुनील कुमार की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है. एफआईआर के मुताबिक, करीब 11.30 बजे बस में ड्राइवर के केबिन से कुछ जलने की बदबू आना शुरू हुई. कुछ यात्रियों ने ड्राइवर और कंडक्टर को इस बदबू के बारे में बताया. लेकिन उन्होंने उनकी कोई बात नहीं सुनी. उन्होंने कहा कि ऐसी बदबू तो बस में आती रहती है.
लपटें निकलने पर भी नहीं रोकी बस
एफआईआर में कहा गया है कि ड्राइवर ने बस की खराबी चेक करने लिए रोका नहीं. ड्राइवर और कंडक्टर दोनों ही लगातार केबिन में बीड़ी और सिगरेट पीते रहे. इसके बाद ड्राइवर की सीट के पास अचानक लपटें निकलना शुरू हो गईं. यात्री चिल्लाने लगे और ड्राइवर से बस रोकने को कहने लगे. ड्राइवर और कंडक्टर ने यात्रियों के बार-बार कहने के बावजूद शुरू में बस रोकने से मना कर दिया और उन्हें धमकाया. तब तक आग तेजी से पूरी बस में फैल चुकी थी और चारों तरफ धुआं भर गया था.
भाग गए ड्राइवर-कंडक्टर
जब बस पूरी तरह आग की चपेट में आ गई तो ड्राइवर और कंडक्टर मौके से भाग गए. वहां पर मौजूद स्थानीय लोगों ने यात्रियों की जलती हुई बस से बाहर निकलने में मदद की. बस में लगे फायर एक्सटिंग्विशर भी यूज किया गया, ताकि आग बुझाई जा सके, लेकिन वो भी काम नहीं आया.
राष्ट्रपति, PM और CM ने जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे पर दुख जाहिर करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है, ‘उत्तर प्रदेश में यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक बस में आग लगने से लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है. मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं. इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं.’
राष्ट्रपति के अलावा पीएम नरेंद्र मोदी ने लिखा है, ‘उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बस में आग लगने की घटना में हुई मौतों के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं. घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं. मृतकों के परिजनों को PMNRF से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी. घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे.’
वहीं, सीएम योगी ने भी हादसे पर दुख जाहिर करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है, ‘यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक बस में दुर्भाग्यपूर्ण अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है. मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें.’