Holi 2023: होली पर चढ़ा राजनीतिक पिचकारियों का क्रेज, बाजारों में बढ़ी 'बुलडोजर' की मांग
Edited By Naresh Chaudhary

Edited By Naresh Chaudhary

Holi 2023: होली का रंग अब हर किसी पर चढ़ता दिखाई दे रहा है। चाहे आम आदमी हो या फिर राजनीतिक पार्टियां… सभी लोग होली के माहौल में सराबोर हैं। अब जब बात होली (Holi 2023) की है तो पिचकारी का जिक्र होना भी लाजमी है, क्योंकि पिचकारी के बिना होली अधूरी है। पिछले कुछ वर्षों में बाजार में तरह-तरह की पिचकारियां देखने को मिली हैं। इसी तरह इस साल भी बाजारों में राजनीतिक थीम वाली पिचकारियां (Political Pichkari) और मास्क की बिक्री हो रही है।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बाजारों में बुलडोजर पिचकारी से लेकर मोदी-योगी के मुखौटे देखने को मिल रहे हैं। इन अलावा अन्य राजनीतिक पार्टियों की भी पिचकारियां मौजूद हैं। इसके अलावा रंगों का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों की तंग गलियां अबीर, गुलाल और रंग से सज गई हैं।

एएनआई से बातचीत में एक दुकानदार ने बताया कि होली के त्योहार पर कार्टून पिचकारी के साथ बुलडोजर पिचकारी, मोदी मास्क, योगी मास्क, टोपियां और केसरिया बेल्ट की काफी डिमांड है। उन्होंने बताया कि बाजारों में पिचकारी 5 रुपये से लेकर 1500 रुपये तक मिल रही है। खरीदारों में भी काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।
एक अन्य दुकानदार ने बताया कि बाजार में कई तरह की पिचकारी बिक रही हैं। इस साल बुलडोजर पिचकारी, पबजी पिचकारी, डोरेमोन पिचकारी, बेबी गर्ल पिचकारी काफी बड़े स्तर पर बिक रही हैं। दुकानदार विनोद चौधरी ने एएनआई को बताया कि इस बार होली पर बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर वाली पिचकारियों की भी खासी डिमांड है।

उन्होंने कहा कि योगी और मोदी की टी-शर्ट, मोदी-योगी के मुखौटे और भगवा गमछा भी अच्छी संख्या में बिक रहे हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण बाजारों में पिचकारी के दाम इस बार थोड़े ज्यादा हैं, लेकिन बिक्री भी सही हो रही है। एक ग्राहक तान्या ने कहा कि हमने अभी से होली की तैयारी शुरू कर दी हैं। बच्चों के लिए बाजारों में हर तरह के वाटर कैनन उपलब्ध हैं।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: