YEIDA सनवर्ल्ड सिटी प्रोजेक्ट में 1325 करोड़ के घोटाले का पर्दाफाश, जमीन को लेकर हुई धांधली

YEIDA Land Scam: ग्रेटर नोएडा में YEIDA के प्रोजेक्ट में 1325 करोड़ के जमीन घोटाले का खुलासा हुआ है, जिसकी शिकायत पूर्व डायरेक्टर ने ही दी है। आरोप एक बिजनेसमैन पर लगे हैं, जिनसे जालसाजी करके साजिश के तहत सरकारी जमीन को लेकर हेराफेरी की।

YEIDA Project| Greater Noida | Land Scam

प्राधिकरण को शिकायत देकर घोटाले का खुलासा किया गया है।

YEIDA Land Scam: यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) को एक शिकायत मिली है, जिसमें सेक्टर-22D स्थित सनवर्ल्ड सिटी प्राइवेट लिमिटेड प्रोजेक्ट में घोटाला होने की बात कही गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से यह जानकारी सामने आई है और 1325 करोड़ का जमीन घोटाला बताया जा रहा है। आरोप नोएडा के बिजनेसमैन दिनेश गोयल पर लगे हैं। शिकायत में कहा गया है कि दिनेश में धोखाधड़ी और जालसाजी करके, आपराधिक साजिश रचते हुए आवंटित हुई सरकारी भूमि में हेराफेरी की है।

100 एकड़ सरकारी जमीन का मामला

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शिकायत YEIDA के पूर्व निदेशक सौरव गुप्ता ने दी है, जिसमें उन्होंने बताया है कि साल 2011 में मेसर्स ओडियन बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ पार्टनरशिप हुई थी और प्रोजेक्ट के लिए 100 एकड़ की जमीन आवंटित की गई थी। ओडियन बिल्डर्स साल 2014 में सनवर्ल्ड सिटी प्रोजेक्ट से बाहर हो गया, जिसके चलते उसकी कंपनी जमीन आवंटन के लिए अयोग्य करार दी गई, लेकिन दिनेश गोयल ने फिर भी प्रोजेक्ट में दखल दिया और प्रोजेक्ट पर काम करना जारी रखा। इसके चलते ओडियन बिल्डर्स को दी गई जमीन पर विवाद हो गया।

साल 2013 में ठप हुआ था प्रोजेक्ट

100 एकड़ में से केवल 65 एकड़ जमीन ही लीज पर दी गई, बाकी 35 एकड़ आवंटित नहीं की गई। दिनेश गोयल ने प्रोजेक्ट के तहत आधी-अधूरी मंजूरी मिलने के बावजूद लोगों को घर बेचने शुरू कर दिए। साल 2013 तक प्रोजेक्ट ठप हो गया और साल 2019 में दिनेश गोयल ने खरीदारों को पैसे वापस करने की आड़ में पट्टे पर दी गई जमीन YEIDA को सौंप दी। गुप्ता ने आरोप लगाया है कि इसके बाद उन्हें बिना भुगतान किए अपनी 20% हिस्सेदारी YEIDA को सौंपने के लिए मजबूर किया गया।

इस साल हुआ 1325 करोड़ का सौदा

मामले में ताजा सबसे बड़ा खुलासा यह हुआ है कि साल 2025 में दिनेश गोयल ने मेसर्स काउंटी ग्रुप के साथ आवंटित हुई 100 एकड़ जमीन का सौदा 1325 करोड़ रुपये में किया है। इस जमीन की कीमत साल 2011 में सिर्फ 200 करोड़ रुपये थी, लेकिन अब सौदा 1325 करोड़ में हुआ है। काउंटी ग्रुप से सौदे के अनुसार, वह 35 एकड़ जमीन YEIDA के वर्तमान रेट 52750 रुपये प्रति वर्ग मीटर की बजाय 4700 रुपये प्रति वर्ग मीटर के पुराने रेट पर आवंटित कराएगा।

ED कर रही है मामले की जांच

शिकायत में मेसर्स सॉल्यूट्रियन बिल्डटेक LLP समेत अन्य डेवलपर्स के साथ हुए समझौतों का भी हवाला दिया गया है, जिन्होंने दिनेश गोयल पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए उन्हें लीगल नोटिस दिया है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सरकारी जमीन को लेकर वित्तीय अनियमितताएं बरतने के लिए अप्रैल 2025 में दिनेश गोयल को तलब किया है। उन पर NBFC, कंसोलिडेटेड कैपिटल इन्वेस्टमेंट प्राइवेट लिमिटेड का कथित दुरुपयोग करके संबंधित कंपनियों को अवैध ऋण देने का आरोप भी है।

फिलहाल मामला जांच के दायरे में है और दिनेश गोयल, संबंधित कपंनियों को ब्लैक लिस्ट में डालने, YEIDA के साथ भविष्य में किसी भी तरह के लेन-देन पर रोक लगाने की मांग की गई है।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ