Gaur Chowk Underpass News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सकती है. यहां पर गौर चौक अंडरपास बनकर तैयार हो गया है. अब फिनिशिंग और पेंटिंग का काम हो रहा है. दिवाली से पहले सभी काम पूरा होने के बाद ग्रेटर नोएडा वेस्ट में गौर चौक अंडरपास को आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा. इस अंडरपास के शुरू होने के बाद ग्रेटर नोएडा वेस्ट इलाके में लगने वाला जाम खत्म होने की उम्मीद है.
आकर्षक पेंटिंग से सजाया जा रहा है अंडरपास
गौर चौक अंडरपास के अंदर की दीवारों को सुंदर पेंटिंग से सजाया जा रहा है. अब तक 95% फिनिशिंग और पेंटिंग का काम लगभग पूरा हो गया है. अंडरपास में भगवान बुद्ध और प्राकृतिक दृश्यों की पेंटिंग बनाई जा रही हैं. जल्द ही फिनिशिंग का काम पूरा होने के बाद गौर चौक अंडरपास को खोल दिया जाएगा. इस 700 मीटर लंबे अंडरपास के शुरू होने से ग्रेटर नोएडा की सूरजपुर पुलिस लाइन से विजयनगर गाजियाबाद की तरफ जाने और गाजियाबाद से ग्रेटर नोएडा की तरफ आने वाले वाहन बिना किसी बाधा के निकल सकेंगे.
92 करोड़ की लागत से तैयार हुआ अंडरपास
गौर चौक अंडरपास 92 करोड़ की लागत से तैयार किया गया है. गौर चौक अंडरपास 700 मीटर लंबा है. बता दें कि, इस अंडरपास को तैयार करने की डेडलाइन पहले जनवरी 2026, फिर जून इसके बाद अगस्त 2026 तय की गई थी. हालांकि, बारिश होने की वजह से और रैंप पर शेड लगाने के काम में देरी से यह अब बनकर तैयार हो रहा है. नोएडा प्राधिकरण के उप-महाप्रबंधक सिविल विजय रावल ने बताया कि, जल्द ही फिनिशिंग का काम पूरा होने के बाद उद्घाटन की तारीख तय की जाएगी.
गौर सिटी के आसपास आसान होगी आवाजाही
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में गौर चौक अंडरपास शुरू होने के बाद गौर चौक के साथ ही आसपास के इलाके में जाम से राहत मिलने से आवाजाही आसान होगी. अब दिवाली पर्व आने वाला है. ऐसे में सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ जाता है. अंडरपास के खुलने के बाद लोगों को लंबे जाम में नहीं फंसना पड़ेगा.