दीपावली के इस पावन त्योहार पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने राज्य के करोड़ों गरीब परिवारों को एक बड़ा तोहफा दिया है. बढ़ती महंगाई के बीच रसोई गैस के बढ़ते खर्चों से राहत देने के लिए सरकार ने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना (PMUY) की लाभार्थी महिलाओं को मुफ्त एलपीजी (LPG) सिलेंडर रिफिल देने का फैसला किया है.
इस योजना के तहत यूपी की लगभग 1.86 करोड़ महिलाओं को साल में 2 बार सब्सिडी दी जाती है. पहली दिवाली पर और दूसरी होली पर. मुफ्त गैस सिलेंडर रिफिल की पूरी सब्सिडी सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी. जानिये दिवाली के इस तोहफे का फायदा आप कैसे उठा सकती हैं.
कब और कैसे मिलेगा मुफ्त सिलेंडर?
सरकार के फैसले के अनुसार, मुफ्त एलपीजी रिफिल का यह लाभ दो चरणों में मिलेगा. पहला मुफ्त रिफिल अक्टूबर से दिसंबर 2026 के दौरान और दूसरा मुफ्त रिफिल जनवरी से मार्च 2027 के दौरान होली के अवसर पर मिलेगा.
फ्री सिलेंडर पाने का पूरा प्रोसेस:
दिवाली के दौरान आपको अपनी संबंधित गैस एजेंसी (Indane, Bharat Gas, HP) से सामान्य तरीके से सिलेंडर बुक करना होगा और डिलीवरी के समय उसकी तय कीमत देनी होगी. डिलीवरी मिलने के कुछ ही दिनों के भीतर सरकार द्वारा तय की गई पूरी सब्सिडी राशि सीधे आपके आधार से जुड़े बैंक अकाउंट में ट्रांसफर (DBT के जरिए) कर दी जाएगी.
किसे मिलेगा इस योजना का लाभ?
यह फायदा केवल प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत पंजीकृत कनेक्शन धारकों को ही मिलेगा. सामान्य घरेलू गैस कनेक्शन इस दायरे में नहीं आते. लेकिन इसके लिए उपभोक्ता की गैस एजेंसी में eKYC (बायोमेट्रिक सत्यापन) पूरी होनी अनिवार्य है. आपका बैंक खाता आधार से लिंक होना चाहिए और उसमें Direct Benefit Transfer (DBT) एक्टिव रहना चाहिए, वरना सब्सिडी का पैसा अटक सकता है.
तुरंत निपटा लें यह जरूरी काम
अगर आपने अभी तक अपनी गैस एजेंसी में eKYC नहीं कराई है, तो तुरंत अपनी नजदीकी इंडेन, एचपी या भारत गैस एजेंसी पर जाकर अपना बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन पूरा करा लें. इसके अलावा आप कंपनी के ऑफिशियल मोबाइल ऐप के जरिए भी घर बैठे eKYC पूरी कर सकती हैं.