ग्रेटर नोएडा में निक्की नाम की महिला की मौत से हड़कंप मचा हुआ है। महिला के पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया गया है। मामले में पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें महिला के साथ उसका पति मारपीट करता दिखाई दे रहा है, घर के किसी शख्स ने भी बचाने की कोशिश नहीं की। अब गिरफ्तार पति के सोशल मीडिया पोस्ट की खूब चर्चा हो रही है।
पति ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी ने आत्महत्या कर ली है। उसने यह भी कहा है कि दुनिया उसे हत्यारा कह रही है, क्योंकि उसकी (पत्नी) ने उसे छोड़ दिया था। निक्की नाम की महिला की जलने से मौत हो गई। आरोप है कि पति ने उसे पहले पीटा, बेहोश होने पर आग के हवाले कर दिया। इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई। हालांकि पति ने चौंकाने वाला दावा किया है।
विपिन भाटी का सोशल मीडिया पोस्ट
पति विपिन भाटी ने अपनी गिरफ्तारी से कुछ वक्त पहले सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखा था, जिसमें उसका कहना था कि उसकी पत्नी निक्की ने सुसाइड कर लिया है। विपिन ने सोशल मीडिया पर निक्की के साथ फोटो शेयर कर लिखा है, “तुमने मुझे क्यों नहीं बताया कि क्या हुआ था? तुमने मुझे क्यों छोड़ दिया? तुमने ऐसा क्यों किया? दुनिया मुझे हत्यारा कह रही है, निक्की। तेरे जाने के बाद मेरे साथ बहुत गलत हो रहा है।” परिवार के साथ अन्य फोटो शेयर करते हुए लिखा, “मैं बर्बाद हो गया हूं। मेरे पास कुछ नहीं बचा है।”
वहीं निक्की की बहन और बेटे का आरोप है कि निक्की के साथ बहुत मारपीट की जाती थी। दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। निक्की की मौत के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने एकत्र होकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। निक्की की बहन का कहना है कि अगर जल्द ही कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो वे प्रदर्शन करेंगे और जाम लगाएंगे।
निक्की और उसकी बड़ी बहन कंचन की शादी एक ही घर में सगे भाइयों से हुई थी। कंचन ने बताया कि दोनों बहनों को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था और उनके ससुराल वाले 36 लाख रुपये की मांग करते थे। 2016 में दोनों की शादी हुई थी, तब कार समेत कई सामान परिवार वालों ने दिया था।