Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में ग्रामीण क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है. सिकंद्राबाद-दनकौर मार्ग से जुनैदपुर की मढ़ैया तक की सड़क के पुनर्निर्माण कार्य का शुभारंभ मंगलवार को किया गया. यह काम 2.67 करोड़ रुपये की लागत से ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा कराया जा रहा है.
खिलाड़ियों ने फोड़ा नारियल
शुभारंभ अवसर पर जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह मौजूद रहे. गांव की महिलाओं और स्थानीय खिलाड़ियों ने नारियल फोड़कर काम का औपचारिक शुभारंभ किया. विधायक ने जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनी, जिनमें पीने के पानी, नाली सफाई, बिजली जैसी मूलभूत समस्याएं प्रमुख रही.
पौने तीन किलोमीटर लंबी सीसी सड़क
यह सड़क करीब पौने तीन किलोमीटर लंबी होगी और इसे सीमेंट-कंक्रीट (सीसी) से तैयार किया जा रहा है. सड़क को ज्यादा टिकाऊ बनाने के लिए दोनों ओर आधा-आधा मीटर इंटरलॉकिंग टाइल्स भी लगाई जाएंगी, जिससे सड़क को टूटने से बचाया जा सके.
छह माह में पूरा होगा काम
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक नागेंद्र सिंह ने बताया कि सड़क निर्माण का काम छह महीने की अवधि में पूरा कर लिया जाएगा. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इसके अतिरिक्त मंडी श्यामनगर से अस्तौली फाटक वाया देवटा तक की सड़क को भी जल्द दुरुस्त किया जाएगा.