Kanwar Yatra 2025: कांवड़ यात्रा को लेकर गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस द्वारा रूट डायवर्जन प्लान की एडवाइजरी जारी की गई थी। जिसके बाद अब कांवड़ियों की कम संख्या को देखते हुए बदलाव किया गया है। फिलहाल दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और मेरठ रोड पर वाहनों का संचालन आज से बंद नहीं किया जाएगा। यातायात पुलिस द्वारा सोमवार से ही मेरठ रोड़ और जीटी रोड़ को वन वे कर दिया गया था। जिसके बाद हाइवे की एक लाइन पर कांवड़िए गुजर रहे हैं और दूसरी लाइन पर आने-जाने वाले वाहनों को निकाला जा रहा है। गाजियाबाद के यातायात एडीसीपी यातायात सच्चिदानंद के अनुसार कांवड़ियों की संख्या के बढ़ने पर दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे, मेरठ रोड़ और जीटी रोड पर वाहनों का संचालन बंद किया जाएगा। कांवड़ियों की संख्या को देखकर इन्हे बंद करने के बारे में 24 घंटे पूर्व ही घोषणा की जाएगी।

कांवड़ियों की की संख्या बढ़ने पर बंद किए जाएंगे मार्ग

एडीसीपी यातायात सच्चिदानंद के अनुसार, हाल में अभी गाजियाबाद जिले में कांवड़ियों की संख्या कम है और यातायात का दबाव काफी है। इसी को देखते हुए फिलहाल निर्णय लिया गया है कि मेरठ तिराहे से एनएच नौ को जोड़ने वाले न्यू लिंक रोड पर अभी यातायात चालू रहेगा। इसके अलावा मेरठ तिराहे से सीमापुरी बार्डर, जीटी रोड को भी फिलहाल बंद नहीं किया जाएगा। वहीं दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भी अभी ट्रैफिक को नहीं रोका जाएगा। आने वाले दिनों में कांवड़ियों की संख्या बढ़ने पर इन सभी मार्गों को बंद किया जाएगा। मेरठ तिराहे से कादराबाद तक 50 से अधिक कटों को बैरिकेडिंग लगाकर बंद किया गया है। कट बंद होने के कारण लोगों को होने वाली परेशानी को देखते हुए फिलहाल सात कटों को खोला गया है। जिनमें मेरठ तिराहे से कादराबाद तक घूकना कट, एएलटी, दुहाई, आर्डिनेंस फैक्ट्री, राज चौराहा मोदीनगर, सीकरी मंदिर मोदीनगर और रावली कट मोदीनगर खोले गए हैं। यह भी पढ़ें- सीसीटीवी कैमरे, स्टैंडबाय पर क्रेन… दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ में कांवड़ यात्रा के खास इंतजाम

गाजियाबाद में यह हैं कावड़ यात्रा के लिए रूट

गाजियाबाद से गुजरने वाले कांवड़ियों के लिए एक रूट टीला मोड़ से शुरू होकर लोनी बॉर्डर तक तय किया गया है। इसकी दूरी लगभग 40 किलोमीटर है। इस कावड़ मार्ग को विशेष कर पैदल चलने वाले कांवड़ियों के लिए तय किया गया है। इसके अलावा मोदीनगर के कदराबाद से शुरू होकर मेरठ मोड होते हुए दिल्ली सीमापुरी पुरी तक जाने वाले कावड़ मार्ग की लंबाई भी लगभग 40 किलोमीटर है। यह मार्ग भी मुख्यतः पैदल कावड़ यात्रियों के लिए तय किया गया है। इसके अलावा दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे को विशेष कर डाक कावड़ के लिए तय किया गया है। यह कावड़ मार्ग मेरठ के परतापुर से शुरू होकर यूपी गेट और फिर दिल्ली जाता है। इन सभी मार्गो पर यातायात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।