Ghaziabad News: गाजियाबाद के लिंक रोड थाना क्षेत्र में एक माल वाहक ऑटो चालक ने चौराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रहे एक ट्रैफिक सिपाही को टक्कर मार दी। इस दौरान सिपाही ऑटो का बोनट पकड़कर लटक गया। इसके बाद सिपाही ऑटो रोकने के लिए चिल्लाता रहा, मगर ऑटो चालक ने ऑटो नहीं रोका। लगभग 1 किलोमीटर दूर जब ऑटो की गति कम हुई, तो सिपाही ने किसी तरह चलते ऑटो से कूद कर अपनी जान बचाई। इस मामले में सिपाही ने ऑटो चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को नोएडा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी का ऑटो भी कब्जे में ले लिया है।
1 किलोमीटर तक ऑटो के बोनट पर घसीटा
जानकारी के अनुसार, ट्रैफिक पुलिस के सिपाही सीताराम शर्मा लिंक रोड थाना क्षेत्र के साहिबाबाद मंडी कट के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी एक माल वाहक ऑटो चालक को उन्होंने रोकने का इशारा किया। बताया गया है कि ऑटो चालक ने ऑटो की नंबर प्लेट पर काली टेप लगाई थी। इस पर ऑटो चालक ने सीधा सिपाही को टक्कर मार दी। इस दौरान सिपाही सीताराम किसी तरह ऑटो का बोनिट पकड़कर लटक गए। इसके बाद भी आरोपी ऑटो चालक नहीं रुका और उन्हें लगभग 1 किलोमीटर तक बोनट पर ही ले गया।
आरोपी ऑटो चालक गिरफ्तार, ऑटो भी बरामद
सिपाही ऑटो चालक को रोकने के लिए कहता रहा, मगर ऑटो चालक ने ऑटो नहीं रोका। लगभग 1 किलोमीटर बाद ऑटो की स्पीड जब कुछ कम हुई, तो सिपाही सीताराम ने किसी तरह चलते ऑटो से कूद कर अपनी जान बचाई। इस मामले में सिपाही ने ऑटो चालक के खिलाफ लिंक रोड थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी ऑटो चालक की पहचान नोएडा के निठारी गांव निवासी दीपांशु के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को नोएडा से गिरफ्तार कर लिया और उसके ऑटो को भी कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच करने में जुटी है।