बीजेपी के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव से रविवार को मुलाकात की. सपा चीफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तस्वीर शेयर कर इस मुलाकात को मित्राचार भेंट बताया. अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा- ”उत्तर प्रदेश की आंवला लोकसभा सीट से दो बार के सांसद श्री धर्मेंद्र कश्यप से मिलकर PDA आंदोलन को और भी समर्थ, सशक्त और सक्रिय बनाने के लिए संयुक्त प्रयासों पर चर्चा हुई. पीडीए ही हर ‘पीड़ित, दुखी, अपमानित’ को मान-सम्मान और स्थान दे सकता है.”
क्या BJP छोड़ने वाले हैं धर्मेंद्र कश्यप?
दरअसल, हाल ही में धर्मेंद्र कश्यप ने ये संकेत दिए हैं कि वो जल्द ही बीजेपी छोड़कर किसी दूसरी पार्टी में शामिल हो सकते हैं. उन्होंने कहा है कि वो अपने समर्थकों से बातचीत के बाद किसी नई पार्टी में शामिल होने के बारे में औपचारिक घोषणा करेंगे. धर्मेंद्र कश्यप ने ये बात तब कही जब उन्होंने फेसबुक पर समुद्र किनारे सूर्यास्त की एक तस्वीर पोस्ट की, जिस पर ”टाटा बाय-बाय” लिखा था. ये पोस्ट उत्तर प्रदेश के लिए बीजेपी के राज्यसभा उम्मीदवारों की घोषणा के बाद आई, जिससे उनके समाजवादी पार्टी में लौटने की अटकलें तेज हो गईं.
SP का दामन थामेंगे BJP नेता?
सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी के इस ओबीसी नेता को राज्यसभा का टिकट मिलने की उम्मीद थी, लेकिन उनका नाम सूची में शामिल नहीं किया गया. बीजेपी ने बरेली जिले से राज्य कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार की बेटी श्रुति गंगवार को मैदान में उतारा है. हालांकि धर्मेंद्र कश्यप ने बीजेपी से अपने इस्तीफे की औपचारिक घोषणा नहीं की है. पत्रकारों से बात करते हुए धर्मेंद्र कश्यप ने इस बात पर नाराजगी जताई कि पार्टी ने उन लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जिन्होंने 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान उनके खिलाफ काम किया था. जब धर्मेंद्र कश्यप से ये पूछा गया कि क्या वो समाजवादी पार्टी में शामिल होंगे, तो उन्होंने कहा, ”मेरी अगली राजनीतिक मंजिल क्या होगी, ये सभी को बहुत जल्द पता चल जाएगा.”