ग्रेटर नोएडा में अवैध कॉलोनी पर बड़ी कार्रवाई, 40 करोड़ की जमीन पर हुआ ये एक्शन
Author: News24 हिंदी
Jun 10, 2025 07:38 PM IST
Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अवैध कॉलोनी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सुनपुरा में अधिसूचित जमीन पर कॉलोनी काट कर निर्माण करने वालों पर शिकंजा कसा गया है। प्राधिकरण ने 20 हजार वर्ग मीटर को अतिक्रमण मुक्त कराया है। जमीन की कीमत 40 करोड़ के करीब है। भू माफिया जमीन पर अवैध कॉलोनी काट रहे थे। इससे पहले कि कॉलोनी कटती, प्राधिकरण ने पूरा निर्माण जमींदोज कर दिया।
खसरा संख्या 429 पर हो रहा था निर्माण
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि सुनपुरा गांव के खसरा संख्या 429 पर अवैध निर्माण की शिकायत मिली थी। यह क्षेत्र अधिसूचति के अंतर्गत आता है। ऐसे में यहां पर निर्माण अवैध है। बिना नक्शा पास कराए किए जा रहे अवैध निर्माण को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम द्वारा मंगलवार को नष्ट किया गया। अवैध निर्माण को रोकने के लिए पूर्व में कई बार प्राधिकरण की तरफ से नोटिस जारी किया गया था, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। कॉलोनाइजर लगातार निर्माण कर रहे थे। उनको इरादों को पीले पंजे ने मिट्टी में मिला दिया है। बुलडोजर चलने के बाद कॉलोनाइजर में भगदड़ गई। सब मौके से भाग गए।
इन लोगों ने की कार्रवाई
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के परियोजना विभाग के महाप्रबंधक एके सिंह, विशेष कार्याधिकारी जितेंद्र गौतम, वर्क सर्किल दो के प्रभारी सन्नी यादव, वर्क सर्किल 7 के वरिष्ठ प्रबंधक नरोत्तम सिंह, प्रबंधक स्वतंत्र वर्मा, प्रबंधक बृजेन्द्र कुमार कुशवाहा, नितीश कुमार, अभिषेक पाल, विवेक किशोर और अन्य स्टाफ ने मिलकर पुलिस और सुरक्षा कर्मियों की मदद से अवैध निर्माण को ध्वस्त किया। अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई 3 घंटे तक चली। जिसमें 6 जेबीसी और 5 डंपर की मदद ली गई।
ये भी पढ़ें: गाजियाबाद में हाउस टैक्स को लेकर फिर गर्माया मामला, पार्षदों ने की ये मांग
अवैध निर्माण करने वालों को चेतावनी
एसीईओ प्रेरणा सिंह ने अवैध निर्माण कर अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी है कि सुनपुरा में यदि भविष्य में अवैध निर्माण किया गया तो आने वाले दिनों में प्राधिकरण इससे भी ज्यादा सख्ती से निपटेगा। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि प्राधिकरण की अनुमति के बिना या फिर बिना नक्शा पास कराए अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।
लोगों से की अपील
एसीईओ ने शहर के लोगों से अपील की है कि अपने सपने का आशियाना लेने से पहले उसके संबंध में पूरी जांच कर लें। यदि कोई दिक्कत है तो ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की हेल्प डेस्क पर आकर संपर्क करके किसी भी जमीन के बारे में जानकारी ले सकते हैं। कई बार लोग अवैध कॉलोनी में मकान के चक्कर में अपने जीवनभर की कमाई गंवा देते हैं।
ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा की सीनियर सिटीजन सोसायटी में बड़ा हादसा, लिफ्ट में 1 घंटे तक फंसे रहे 6 लोग