BJP ने UP चुनाव के लिए कसी कमर, गिनाएगी अपने 10 साल के काम; बन गया है पूरा प्लान

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी ने अपनी रणनीति तेज कर दी है. पार्टी पिछले करीब एक दशक के शासन में किए गए विकास कार्यों, कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर और सरकारी योजनाओं को चुनावी अभियान का प्रमुख आधार बनाने की तैयारी में है.

CM YOGI.jpg (1)

उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीति पर काम तेज कर दिया है. (फोटो- PTI)

UP Elections 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीति पर काम तेज कर दिया है. पार्टी की कोशिश इस बार पिछले करीब एक दशक के शासन में किए गए कामों और सरकार की उपलब्धियों को चुनावी मुद्दा बनाने की है. बीजेपी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह के मुताबिक, कानून व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा और विकास कार्य पार्टी के अभियान के प्रमुख आधार होंगे.

विज्ञापन

बीजेपी सरकार की ओर से किए गए बुनियादी ढांचे के कामों को भी चुनावी अभियान में प्रमुखता मिलने की संभावना है. पार्टी एक्सप्रेसवे निर्माण, औद्योगिक क्षेत्रों के विकास, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ (ODOP) जैसी योजनाओं को जनता के सामने रखेगी. इसके अलावा ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ के जरिए युवाओं और रोजगार से जुड़े प्रयासों को भी उपलब्धियों के तौर पर पेश करने की तैयारी है.

विज्ञापन

सरकार के कामकाज को मुद्दा बनाएगी BJP

सरकार के कामकाज से जुड़े कुछ अन्य दावों को भी बीजेपी अपने पक्ष में इस्तेमाल कर सकती है. इनमें सभी जिलों में 18 घंटे से अधिक बिजली उपलब्ध कराने का दावा, प्रदेश में ‘माफिया राज’ खत्म करने की कार्रवाई और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व को प्रमुखता देना शामिल है. पार्टी का जोर यह बताने पर रहेगा कि पिछले सालों में प्रदेश में शासन और विकास के स्तर पर क्या-क्या बदलाव हुए हैं.

विज्ञापन

वरिष्ठ अधिकारी लगातार कर रहे बैठक

चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए बीजेपी के वरिष्ठ पदाधिकारी भी लगातार बैठकें कर रहे हैं. राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष और उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने लखनऊ में प्रदेश संगठन के नेताओं के साथ विस्तृत चर्चा की. बैठकों में चुनावी तैयारियों के साथ विपक्ष की रणनीति का मुकाबला करने के तरीकों पर भी मंथन किया गया.

खास तौर पर समाजवादी पार्टी के PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण को लेकर बीजेपी ने अपनी रणनीति तैयार करने पर जोर दिया है. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी अपने हिंदुत्व के राजनीतिक एजेंडे के साथ-साथ सामाजिक आधार को मजबूत करने की दिशा में भी काम कर रही है. 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी ने उन सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों की समीक्षा की है, जहां उसे नुकसान उठाना पड़ा था.

विज्ञापन

दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि आगामी चुनाव में भी बीजेपी ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के साथ आगे बढ़ेगी. उनका कहना है कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के सभी वर्गों तक पहुंचाने पर पार्टी का जोर है.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Versha Singh

Versha Singh

वर्षा स‍िंह News 24 ड‍िजिटल में बतौर सीन‍ियर सब एड‍िटर के पद पर कार्यरत हैं. वर्षा को ड‍िजिटल मीड‍िया में 6 साल से अधि‍क का अनुभव है. राष्‍ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और समसमाय‍िक व‍िषयों पर वर्षा की अच्‍छी पकड़ है. इसके अलावा राजनीत‍िक, क्राइम और ट्रेंडिंग खबरें भी ल‍िखती हैं. वर्षा ने मास्टर इन न्यू मीडिया टेक्नोलॉजी की पढ़ाई माखन लाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी, भोपाल से की है और जर्नलिज्म एवं मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री लखनऊ विश्वविद्यालय से प्राप्त की है. वर्षा अपने करियर में Jagran New Media, Asia News International (ANI) और ETV Bharat जैसे प्रमुख मीडिया संस्थानों के साथ काम कर चुकी हैं. उन्हें हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में लेखन और समसामयिक घटनाओं, राजनीति, हाइपरलोकल खबरों और मानवीय रुचि से जुड़ी कहानियों को डिजिटल दर्शकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का अनुभव है.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ