अयोध्या: श्रीराम की नगरी अयोध्या से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। राम मंदिर दर्शन के लिए आई एक महिला श्रद्धालु का गुप्त रूप से वीडियो बनाते हुए गेस्ट हाउस के एक कर्मचारी को पकड़ा गया है। घटना राम मंदिर के गेट नंबर 3 के सामने स्थित राजा गेस्ट हाउस की है।

नहाती महिला का रिकॉर्ड किया वीडियो

रिपोर्ट्स के अनुसार, सुबह करीब 6:30 बजे 30 वर्षीय महिला श्रद्धालु जब गेस्ट हाउस के बाथरूम में स्नान कर रही थीं, तभी एक कर्मचारी छिपकर उसका वीडियो बना रहा था। जैसे ही महिला की नजर उस शख्स पर पड़ी, उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर अन्य श्रद्धालु और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। भीड़ ने पहले उसकी जमकर पिटाई की और फिर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची थाना राम जन्मभूमि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।

गेस्ट हाउस सील

पुलिस द्वारा आरोपी का मोबाइल फोन चेक करने पर उसमें 10 अन्य लड़कियों के वीडियो भी पाए गए। घटना सामने आने के बाद प्रशासन ने राजा गेस्ट हाउस को सील कर दिया है। यह भी सामने आया है कि उक्त गेस्ट हाउस रजिस्टर्ड नहीं था, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

आरोपी पर क्या हो सकती है कार्रवाई?

2017 में सुप्रीम कोर्ट ने निजता के अधिकार को मौलिक अधिकार घोषित किया है। किसी व्यक्ति की बिना अनुमति के वीडियो रिकॉर्डिंग करना न केवल नैतिक रूप से गलत है, बल्कि भारतीय कानून के अनुसार गंभीर अपराध भी है। इस मामले में आरोपी पर निम्नलिखित धाराओं के तहत मामला दर्ज हो सकता है

आईटी एक्ट, 2000:

धारा 66E: बिना अनुमति के निजी जानकारी या वीडियो लेना धारा 67: अश्लील सामग्री का प्रसारण धारा 67A: यौन सामग्री से संबंधित वीडियो का प्रसारण

घटना के बाद उठे सवाल

अयोध्या जैसे धार्मिक और संवेदनशील क्षेत्र में बिना पंजीकरण के गेस्ट हाउस कैसे संचालित हो रहे हैं? इस घटना ने प्रशासन पर सवाल खड़ा कर दिया है, इसके साथ लोगों को भी सतर्क कर दिया है।