दशहरा पर नोएडा में ट्रैफिक में फंस सकते हैं आप! कई जगह रूट डायवर्जन, घर से निकलने से पहले जानें पूरी डिटेल
नोएडा में दशहरा और रामलीला के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. ऐसे में किसी को जाम में ना फंसना पड़े, इसीलिए नोएडा पुलिस के ट्रैफिक डिपार्टमेंट ने रूट डायवर्जन की गाइडलाइन जारी की है.
दशहरा पर नोएडा पुलिस के ट्रैफिक डिपार्टमेंट ने रूट डायवर्जन की गाइडलाइन जारी की है.
(Photo: AI)
देशभर में त्योहारों का मौसम चल रहा है. हर कोई फेस्टिव मूड में है. नोएडा में भी दशहरा और रामलीला के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. ऐसे में किसी के रंग में भंग ना पड़े और जाम में ना फंसना पड़े, इसीलिए नोएडा पुलिस के ट्रैफिक डिपार्टमेंट ने रूट डायवर्जन की गाइडलाइन जारी की है. एक प्रेस रिलीज के मुताबिक, 20 अक्तूबर को दोपहर 2 बजे से दशहरा खत्म होने तक नोएडा स्टेडियम सेक्टर-21A और रामलीला मैदान सेक्टर 62 में अलग-अलग कार्यक्रमों के चलते ट्रैफिक डायवर्जन और वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जाएगी.
-सेक्टर 12,22 और 56 से स्टेडियम की ओर स्टेडियम चौक तक गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह बैन रहेगी. -सेक्टर 10 और 21 यू-टर्न से स्टेडियम की ओर सेक्टर 12,22,56 तिराहा तक वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा. -सेक्टर 8,10,11,12 चौक से स्टेडियम चौक होकर मोदी मॉल चौक तक गाड़ियों की आवाजाही बंद रहेगी. -सेक्टर 31,25 चौक से सेक्टर 21,25 मोदी मॉल चौक होकर स्टेडियम चौक, सेक्टर 8,10,11,12 चौक तक वाहनों का आवागमन बैन रहेगा. -मेट्रो अस्पताल चौक से सेक्टर 12,22 चौक होकर रिलाइन्स चौक तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी. -कोस्ट गार्ड तिराहा सेक्टर 24 से NTPC अंडरपास के ऊपर यू-टर्न लेकर सेक्टर 12,22 चौक तक तथा सेक्टर 32 की ओर से -NTPC अंडरपास की शुरुआत से सेक्टर 12,22 चौक तक गाड़ियों के आवागमन बैन रहेगा. -सेक्टर 20,21,25,26 जलवायु विहार चौक से सेक्टर 21,25 मोदी मॉल चौक से एडॉब चौक तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी -सेक्टर 22,23,24 थाना सेक्टर 24 तिराहा से एडॉब/रिलाइन्स चौक, सेक्टर 21,25 मोदी मॉल चौक तक वाहनों का आवागमन बैन रहेगा.
🚨 यातायात एडवाइजरी 🚨
नोएडा सेक्टर-21A स्टेडियम, सेक्टर-62, महर्षि आश्रम व ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रामलीला एवं नवरात्रि मूर्ति विसर्जन के दृष्टिगत यातायात डायवर्जन व वाहनों पर प्रतिबंध निम्न प्रकार लागू रहेंगे।
नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि दशहरा के मौके पर कार्यक्रम के दौरान रास्तों पर लगने वाले साप्ताहिक बाजार पूरी तरह बंद रहेंगे. हालांकि इमरजेंसी सर्विस हर दिन की तरह जारी रहेंगी. फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस जैसे वाहनों को नहीं रोका जाएगा, उन्हें पूरी सुविधा के साथ रास्तों से निकाला जाएगा. नोएडा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए लोग वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें और अगर कोई असुविधा होती है तो ट्रैफिक हेल्प लाइन नंबर 9971009001 जारी किया गया है.