UP-Bihar Weather Update: देशभर में फिर से मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। देश में ग्रामीण इलाकों के मुकाबले शहरी इलाकों में कम सर्दी का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में मौसम बदलने की संभावना है। उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान लुढ़केगा। वहीं, बिहार में भी पिछले कई दिनों से तेज धूप की वजह से तापमान में बढ़ोतरी हुई है, लेकिन राज्य में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। पछुआ हवाओं की रफ्तार तेज होने से ठंडक बढ़ गई है। जानिए मौसम विभाग ने दोनों राज्यो के लिए आज का क्या मौसम अपडेट दिया है।
यूपी में फिर से गिरेगा पारा
मौसम विभाग के मुताबिक, 12 फरवरी को उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में दिन में मौसम साफ रहेगा। इस दौरान पूर्वी और पश्चिमी यूपी में 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। 13 और 14 फरवरी को यूपी के कई क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार बढ़कर 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा होने की संभावना है। 15, 16 और 17 फरवरी को भी तेज हवाओं के साथ मौसम साफ रहेगा, लेकिन हवाओं की वजह से ठंडक का एहसास बढ़ जाएगा। वहीं, सिबह के समय कई जगह पर हल्का कोहरा छाया रह सकता है।
यूपी में बीते 24 घंटे के तापमान को देखें तो अयोध्या में सबसे कम 8℃ न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं, बुलंदशहर में 8.9℃ और कानपुर शहर में 9.4℃ न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं, लखनऊ में 12℃ न्यूनतम और 29℃ अधिकतम तापमान रहा।
बिहार में यलो अलर्ट?
बिहार में बुधवार को सुबह पश्चिमी चंपारण, पूर्व चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, अररिया, मधुबनी, किशनगंज और सुपौल में कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने इन सभी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। दिन में धूप के साथ तेज पछुआ हवाओं से ठिठुरन का एहसास हो सकता है। वहीं, शाम के समय हवाओं का असर ज्यादा देखने को मिलेगा। जिसके चलते तापमान में भी गिरावट होने की संभावना है। बिहार में अधिकतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।