Rajasthan News: राजस्थान पुलिस ने चेकिंग में पकड़ा 279 किलो डोडा पोस्त, तस्कर गिरफ्तार
Edited By Rakesh Choudhary

Edited By Rakesh Choudhary

जयपुर से केजे श्रीवत्सन की रिपोर्टः पुलिस नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे अवैध डोडा पोस्त से भरी क्रूजर गाड़ी पाली रोड की तरफ जा रही थी, साथ में गाड़ी के आगे बाइक सवार एस्काेर्ट कर रहा था। पुलिस ने बाइक व गाड़ी का पीछा किया, तस्कर गाड़ी छोड़कर झाड़ियों में भाग गए। वहीं बाइक सवार को पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया।
पुलिस ने गाड़ी से 16 कट्टे में भरा 279 किलो डोडा पोस्त बरामद किया है। गिरफ्तार तस्कर केसाराम जाट पुत्र चेनाराम (23) है। बाड़मेर एसपी दिगंत आनंद ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम एवं अपराधियों की धरपकड़ के लिए एएसपी नितेश आर्य व सीओ श्रीमती नीरज शर्मा के सुपरविजन में अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत एसएचओ समदड़ी शारदा विश्नोई मय जाब्ता द्वारा देर रात गांव करमावास सिवाना रोड पर नाकाबंदी की गई थी।
नाकाबंदी के दौरान पाली रोड की तरफ से आ रही फोर्स क्रूजर गाड़ी और उसे एस्कोर्ट कर रही बाइक का चालक नाकाबंदी तोड़ तेज गति से सिवाना की ओर भागने लगे। पीछा करने पर दोनों गाड़ियों के चालक गाड़ी को रोड पर छोड़कर भागने लगे। बाइक सवार को टीम ने पकड़ लिया, क्रूजर गाड़ी का चालक अंधेरे में ओझल हो गया।
गाड़ी की तलाशी में 16 कट्टों से 279 किलो डोडा पोस्त बरामद किया गया। आरोपी केसाराम को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: