JLF 2023: जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में विज्ञान, तकनीक और एआई पर होगी चर्चा
Edited By Pushpendra Sharma

JLF 2023
Edited By Pushpendra Sharma

JLF 2023
नई दिल्ली: दुनिया के सबसे बड़े लिटरेचर फेस्टिवल का आयोजन 19 से 23 जनवरी, 2023 को गुलाबी नगरी जयपुर के होटल क्लार्क्स आमेर में होगा। इस साल फेस्टिवल के 16वें संस्करण में विज्ञान, तकनीक और एआई की दुनिया के विशेषज्ञ इन जटिल विषयों पर रोशनी डालेंगे। प्रोग्राम की विविधता के साथ फेस्टिवल के एक सत्र में पुरस्कृत खोजी पत्रकार विद्या कृष्णन से वस्कुलर सर्जन और लेखक अम्बरीश सात्विक संवाद करेंगे। सत्र के दौरान कृष्णन अपनी नई किताब फैंटम प्लेग: हाउ ट्यूबरक्लोसिस शेप्ड आवर हिस्ट्री के माध्यम से विभिन्न बीमारियों के उपचार से मानवजाति को प्रभावित करने और विकास में योगदान के बारे में बताएंगी।
एक अन्य सत्र में जाने-माने कैंसर चिकित्सा विज्ञानी, जीवविज्ञानी और पुलित्ज़र पुरस्कार से सम्मानित लेखक सिद्धार्थ मुखर्जी अपनी नई किताब ‘द सॉन्ग ऑफ द सेल’ के माध्यम से हमारे अंगों की सबसे छोटी और महत्वपूर्ण इकाई के बारे में बताएंगे। फेस्टिवल के को-डायरेक्टर और इतिहासकार विलियम डेलरिम्पल से संवाद में मुखर्जी ‘संस्मरण, इतिहास और विज्ञान’ के अद्भुत संयोजन से जीवन के सवाल को परिभाषित करेंगे।
एक दिलचस्प सत्र में वक्ता महामारी के समय में भारत में बनी वैक्सीन और उसके व्यापक प्रसार पर चर्चा करेंगे। मंच पर लेखिका प्रियम गांधी मोदी, अमिताभ कान्त और आईएएस ऑफिसर सज्जन सिंह यादव उपस्थित रहेंगे। सत्र के दौरान प्रियम की नई किताब ‘ए नेशन टू प्रोटेक्ट’ पर चर्चा होगी, जिसके माध्यम से श्रोता कोविड-19 महामारी और उससे बचाव में बनाई गई सरकारी नीतियों को समझ सकेंगे।
आधुनिक समय में जब तकनीक अपने चरम पर पहुंच रही है, तब दुनिया कुछ ऐसे संकटों का भी सामना कर रही है जिसने मशीनों और एआई पर निर्भर रहने की मनुष्यों की खामियों और नैतिकता पर भी सवाल उठा दिए हैं। एक सत्र में लेखक टोबी वाल्श, ABP नेटवर्क के सीईओ अविनाश पांडे, टेक उद्यमी और लेखक अनिरुद्ध सूरी से पत्रकार प्रवीण स्वामी संवाद करेंगे।
फेस्टिवल में चर्चा को आगे बढ़ाते हुए एक सत्र में रेबेका रैग सायकेस से पुरस्कृत इतिहासकार, अनुवादक और ब्रॉडकास्टर टॉम हॉलैंड चर्चा करेंगे। सत्र में सायकेस की नई किताब किन्ड्रेड पर बात की जाएगी। निएंडरथल (शीत-काल के दौरान यूरोप में रहने वाली मानवीय प्रजाति) को परिभाषित करने वाले इस उपन्यास को 2021 में पेन हेसेल टिल्टमैन प्राइज से सम्मानित किया गया है। गहन शोध पर आधारित यह उपन्यास 300,000 सालों से अधिक के जलवायु परिवर्तन में भी अपना अस्तित्व बचाकर रख पाई प्रजाति के बारे में है। एक अन्य सत्र में वेनराईट पुरस्कार से सम्मानित, जीवविज्ञानी और एंटेंगल्ड लाइफ के लेखक मर्लिन शेल्ड्रेक से लेखिका जेनिस परिअट संवाद करेंगी। शेल्ड्रेक बताएंगे कि कैसे फंगी के माध्यम से हम इस ग्रह पर जीवन को समझ सकते हैं और कैसे यह हमारे सोचने, महसूस करने को प्रभावित करता है।
और पढ़िए –देश से जुड़ी खबरें यहाँ पढ़ें
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: