यूक्रेन में राजस्थान के छात्र की मौत, शव लाने के लिए राष्ट्रपति सचिवालय में याचिका, विदेश मंत्रालय से भी गुहार

Rajasthan Student Died In Ukraine : यूक्रेन में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे राजस्थान के एक छात्र की वहां मौत हो गई है। छात्र का शव वापस लाए जाने के लिए राष्ट्रपति सचिवालय और विदेश मंत्रालय से अपील की गई है।

image copy (5)

केजे श्रीवत्सन, बूंदी

Rajasthan Student Died In Ukraine : यूक्रेन में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे राजस्थान के निवासी एक भारतीय छात्र की मौत हो गई है। राज्य के झालावाड़ जिले का निवासी अनुदित गौतम यूक्रेन की बुकोविनियन यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस के अंतिम वर्ष में था। छह महीने बाद उसकी डिग्री पूरी होने वाली थी और वह भारत आने वाला था। शुक्रवार को इससे पहले ही परिवार के लिए दुखद खबर आ गयी। उसकी मौत का शुरुआती कारण दिल से जुड़ी बीमारी बताई जा रही है।

विदेश में संकटग्रस्त भारतीयों की सहायता के लिए काम करने वाले राजस्थान बीज निगम के निदेशक चर्मेश शर्मा ने अनुदित का शव पीड़ित परिवार के पास पहुंचाने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम राष्ट्रपति सचिवालय में याचिका दायर की है। मामले में विदेश मंत्रालय और यूक्रेन की राजधानी कीव में स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क कर मानवीय सहायता का आग्रह भी किया है। छात्र के परिवार के रिश्तेदार बूंदी में रहते हैं जिन्होंने चर्मेश शर्मा को इस मामले की जानकारी देते हुए मदद का अनुरोध किया था।

विदेश मंत्रालय और मानवाधिकार आयोग से भी शिकायत

अनूदित गौतम का पार्थिव शरीर भारत लाने के लिए शर्मा ने विदेश मंत्रालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री एस जयशंकर, विदेश सचिव विनय क्वात्रा, यूरेशिया प्रभाग के संयुक्त सचिव के नाम शिकायत दर्ज कराई है। विदेश मंत्रालय के रिकॉर्ड के अनुसार इस मामले को अभी मंत्रालय के संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारी देख रहे हैं। इसके अलावा इस मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में भी शिकायत दर्ज कराई गई है।

सम्मानजनक अंतिम संस्कार के लिए जल्द देश लाया जाए

चर्मेश शर्मा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानूनों के अनुसार सम्मानजनक अंतिम संस्कार के लिए अनुदित गौतम का पार्थिव शरीर जल्द भारत लाया जाना चाहिए। उन्होंने शिकायत में कहा गया है कि पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ऐसे समय पर मानवीय संवेदनाओं से जुड़े इस गंभीर विषय पर भारत सरकार की ओर से यूक्रेन सरकार के साथ समन्वय स्थापित करते हुए तत्काल कदम उठाए जाने चाहिए।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ