Congress List for Rajasthan By-Elections: राजस्थान उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने 7 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। कांग्रेस ने झुंझुनूं से अमित ओला, रामगढ़ से आर्यन जुबेर, दौसा से दीनदयाल बैरवा, देवली-उनियारा से कस्तूरचंद मीणा, खींवसर से रतन चौधरी, सलूंबर से रेशमा मीणा और चौरासी से महेश रोत को टिकट दिया है।
13 नवंबर को होगा मतदान
बता दें कि राजस्थान में 7 सीटों पर उपचुनाव होने जा रहे हैं। इसके लिए 13 नवंबर को मतदान होगा। जबकि नतीजे 23 नवंबर को आएंगे। जिन 7 सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं, उनमें से कई सीटों के विधायक लोकसभा चुनाव जीतकर सांसद बन चुके हैं तो वहीं 2 विधायकों का निधन हो गया, जिसके चलते इन सीटों पर एक बार फिर चुनाव करवाए जा रहे हैं।
इस तरह खाली हुईं सीटें
गौरतलब है कि रामगढ़ विधायक और कांग्रेस नेता जुबेर खान का हाल ही में निधन हो गया था। इसी के साथ सलूंबर सीट भी बीजेपी विधायक अमृतलाल मीणा के निधन के बाद खाली हो गई थी। वहीं झुंझुनूं से कांग्रेस के बृजेंद्र ओला, चौरासी से बीएपी के राजकुमार रोत, दौसा से कांग्रेस के मुरालीलाल मीणा, देवली उनियारा से कांग्रेस के हरीश मीणा और खींवसर से आरएलपी के हनुमान बेनीवाल सांसद बन गए हैं। इस वजह से इन सीटों पर नए विधायक चुने जाने हैं।
ये है विधानसभा की स्थिति
उल्लेखनीय है कि राजस्थान में अभी बीजेपी की सरकार है। उसके पास 200 में से 114 सीटें हैं। जबकि कांग्रेस के पास 65, निर्दलीय उम्मीदवारों के पास 8, बीएपी के पास 3, बसपा के पास 2 और आरएलडी के पास 1 सीट है। जबकि 7 सीटें खाली हैं।
बीजेपी पहले ही जारी कर चुकी है लिस्ट
आपको बता दें कि उपचुनाव के लिए बीजेपी ने 19 अक्टूबर को ही अपनी लिस्ट जारी कर दी थी। बीजेपी ने 6 सीटों पर लिस्ट जारी की थी। दौसा विधानसभा से बीजेपी ने किरोड़ीलाल मीणा के भाई जगमोहण मीणा को टिकट दिया है। जबकि सलूंबर से दिवंगत अमृतलाल मीणा की पत्नी शांता देवी और रामगढ़ से सुखवंत सिंह को मैदान में उतारा गया है।