पंजाब के सीमावर्ती जिलों में बंद रहेंगे स्कूल; अमृतसर में ब्लैकआउट की तैयारी शुरू, पुलिस की छुट्टियां रद्द

भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच पंजाब के सभी सीमावर्ती जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। इसके अलावा अमृतसर में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल फिर से शुरू हो गया है। साथ ही पंजाब सरकार ने सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं।

Punjab After Operation Sindoor

भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद से पाकिस्तान बौखलाया हुआ है। इसलिए पाकिस्तान की तरफ से सीमा पर तनाव बढ़ाया जा रहा है। इसी के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर और पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में 7 मई से स्कूल बंद हैं, जो 8 मई को भी बंद रहेंगे। इसके अलावा 8-10 मई को होने वाली विश्वविद्यालय परीक्षाओं को भी स्थगित कर दिया गया है। इसके अलावा पंजाब सरकार ने सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। साथ ही अमृतसर में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल फिर से शुरू हो गया है।

कब तक बंद रहेंगे स्कूल?

पंजाब सरकार की तरफ से बुधवार को फिरोजपुर, पठानकोट, फाजिल्का, अमृतसर और गुरदासपुर के सीमावर्ती इलाकों के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। इसके बाद अधिकारियों ने बताया कि पठानकोट के सभी स्कूल अगले 72 घंटों तक बंद रहेंगे। वहीं, अमृतसर, गुरदासपुर और फाजिल्का जिलों में भी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। फिरोजपुर जिले में गुरुवार और शुक्रवार दो दिनों तक स्कूल बंद रहने की घोषणा की गई है। वहीं, फाजिल्का में प्रशासन ने अगले आदेश तक स्कूल बंद कर दिए हैं। आईके गुजराल पंजाब तकनीकी विश्वविद्यालय के प्रवक्ता ने बताया कि 8-10 मई को होने वाले पेपर स्थगित कर दिए गए हैं। 12 मई से ये सारी परीक्षाएं अधिसूचित तिथि के अनुसार आयोजित की जाएंगी।

पुलिस की छुट्टी पर क्या बोले पंजाब के डीजीपी

इसके अलावा भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव की वजह से पंजाब पुलिस ने सभी कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव के आदेश के अनुसार, 7 मई से केवल असाधारण परिस्थितियों में ही छुट्टियां दी जाएंगी। यह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अगुवाई में पंजाब के डीजीपी और मुख्य सचिव सहित सीमावर्ती राज्यों के अधिकारियों के साथ एक वीडियो कॉन्फ्रेंस के बाद हुआ है। तनावपूर्ण स्थिति के बीच पंजाब में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है।

अमृतसर में होगा ब्लैकआउट मॉक ड्रिल

अमृतसर जिला प्रशासन की तरफ से लोगों की सुरक्षा तैयारियों को लेकर मॉक ड्रिल के तहत ब्लैकआउट उपायों को फिर से शुरू कर दिया गया है। अमृतसर डीपीआरओ ने एक बयान में कहा कि अत्यधिक सावधानी बरतते हुए, अमृतसर जिला प्रशासन ने फिर से ब्लैकआउट प्रक्रिया शुरू कर दी है। कृपया घर पर रहें, घबराएं नहीं और अपने घरों के बाहर इकट्ठा न हों। बाहर की लाइटें बंद रखें।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ