गला घोंटा, सूटकेस में भरा और जला दिया…, प्रेमिका की बेटी को उतारा मौत के घाट

पंजाब के नवांशहर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. मां के प्रेम संबंधों में रुकावट बन रही 15 साल की नाबालिग लड़की की उसकी मां के प्रेमी ने बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी ने शव को सूटकेस में भरकर जंगल में ले जाकर आग के हवाले कर दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है.

Punjab Crime

Credit: Social Media

पंजाब के नवांशहर जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. यहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका की 15 वर्षीय बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोप है कि लड़की अपनी मां के प्रेम संबंधों में रुकावट बन रही थी, जिसके चलते आरोपी ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची. पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान गुरविंदर सिंह उर्फ गोपी (23) निवासी गांव जाडली, जिला नवांशहर के रूप में हुई है. गुरविंदर का मृतक लड़की की मां उषा रानी (45) के साथ प्रेम संबंध था और वो अक्सर उसके घर आता-जाता था.

विज्ञापन
विज्ञापन

क्या है पूरा मामला?

बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन नाबालिग लड़की अनीता घर पर अकेली थी. इसी दौरान आरोपी घर पहुंचा और उसकी हत्या कर दी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने लड़की का गला घोंटकर उसकी जान ली. इसके बाद उसने शव को ठिकाने लगाने का प्लान बनाया. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने शव को एक बड़े सूटकेस में बंद किया और मोटरसाइकिल पर रखकर खुरालगढ़ गांव के नजदीक जंगल में पहुंचा. वहां उसने शव को आग के हवाले कर दिया ताकि पहचान मिटाई जा सके और सबूत नष्ट हो जाएं. हालांकि पुलिस को जंगल से एक जला हुआ कंकाल बरामद हुआ, जिसके बाद मामले की गंभीरता बढ़ गई. जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले और संदेह के आधार पर गुरविंदर सिंह को हिरासत में लिया गया. पूछताछ में कई अहम तथ्य सामने आए, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

मामले की जांच में जुटी पुलिस

नवांशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) तुषार गुप्ता ने बताया कि शुरुआत में इस मामले को गुमशुदगी के रूप में दर्ज किया गया था. लेकिन जांच के दौरान हत्या के सबूत मिलने के बाद केस को हत्या में बदल दिया गया. आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जा रहा है ताकि पूरे घटनाक्रम और बाकी पहलुओं की गहन जांच की जा सके. घटना के बाद गांव जाडली और आसपास के इलाकों में शोक और आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि एक मासूम बच्ची की इस तरह हत्या किया जाना बेहद दुखद और अमानवीय है. पुलिस अब ये भी जांच कर रही है कि हत्या की योजना में किसी और व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी.

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Varsha Sikri

Varsha Sikri

वर्षा सिकरी News24 हिंदी डिजिटल में सीनियर सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. जर्नलिज्म में 9 साल का अनुभव रखने वाली वर्षा सिकरी राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और राज्यस्तरीय न्यूज और चुनावी कवरेज करती हैं. वर्षा सिकरी ने सितंबर 2017 में इंडिया टीवी से अपने करियर की शुरुआत की थी, जिसके बाद से उन्होंने रिपब्लिक टीवी, जी न्यूज, आज तक जैसे चैनलों में काम किया. फिलहाल वो News24 के डिजिटल में सेवाएं दे रही हैं. 9 साल के करियर में वर्षा सिकरी ने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिकल, क्राइम टॉपिक कवर करने में विशेषज्ञता हासिल की. वर्षा सिकरी का पत्रकारिता में अनुभव: 9 साल योग्यता: NRAI स्कूल ऑफ मास कम्यूनिकेशन से ग्रेजुएशन करने के बाद वर्षा सिकरी ने मीडिया में अपने करियर की शुरुआत की. उन्होंने बतौर एंकर और रिपोर्टर भी काम किया है.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ