पंजाब में विधानसभा चुनाव का काउंटडाउन शुरू होने से पहले ही सियासी बिसात बिछने लगी है और बीजेपी ने अपने पत्ते खोल दिए हैं. पटियाला में बीजेपी के संगठन महासचिव बीएल संतोष ने बड़ा ऐलान किया. बीजेपी ने साफ कर दिया है कि पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर पार्टी चुनाव लड़ेगी. यानी इस बार बीजेपी का फोकस सिर्फ चुनिंदा सीटों पर नहीं बल्कि पूरे पंजाब में अपना गठबंधन और जनाधार मजबूत करने पर है.
बीजेपी के इस ऐलान के बीच अकाली दल के साथ गठबंधन की चर्चाओं ने भी जोर पकड़ लिया है क्योंकि इससे पहले दोनों दलों में गठबंधन को लेकर कयास लगाए जा रहे थे. अकाली नेता विक्रम सिंह मजीठिया ने भी गठबंधन को लेकर संकेत दिए थे.
---विज्ञापन---
यानी एक तरफ बीजेपी सभी 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान कर रही है तो दूसरी तरफ अकाली दल की तरफ से गठबंधन की संभावनाओं के संकेत दिए जा रहे हैं. ऐसे में सवाल यही है कि क्या चुनावी मैदान में दोनों दल अलग-अलग उतरेंगे या चुनाव से पहले फिर हाथ मिला लेंगे. सियासी गणित की बात करें तो बीजेपी के लिए पंजाब की सभी सीटों पर लड़ने का ऐलान अपने संगठन को विस्तार देने की रणनीति माना जा रहा है.
---विज्ञापन---