Maharashtra Assembly Election 2024 : महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव की तैयारी जोरशोर चल रही है। राजनीतिक दलों ने चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता भी अपने उम्मीदवारों के लिए वोट मांग रहे हैं। महायुति के बाद अब महा विकास आघाड़ी (MVA) के घटक दलों के बीच भी सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तय हो गया है। आइए जानते हैं कि मुंबई में किस दल के पाले में कितनी आईं सीटें?
महाराष्ट्र चुनाव के लिए नामांकन की आखिरी तारीख मंगलवार है। ऐसे में महा विकास आघाड़ी के बीच मुंबई में सफलतापूर्वक सीट बंटवारा हो गया है। उद्धव ठाकरे की शिवसेना को मुंबई में सबसे ज्यादा सीटें मिली हैं, जबकि कांग्रेस दूसरे और शरद पवार की एनसीपी तीसरे नंबर पर है। समाजवादी पार्टी के खाते में भी एक सीट आई है।
जानें MVA में किसे कितनी मिलीं सीटें
एमवीए के तहत उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना (UBT) ने मुंबई की 22 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि कांग्रेस के खाते में 10 सीटें आई हैं। एनसीपी (शरदचंद्र पवार) को सिर्फ 3 सीटें मिलीं हैं, जबकि समाजवादी पार्टी ने एक सीट पर प्रत्याशी घोषित कर दिए। हालांकि, महा विकास आघाड़ी के घटक दलों के बीच महाराष्ट्र की कुछ सीटों पर पेंच फंसा है।
मुंबई में सीट शेयरिंग का फॉर्मूला
शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) – 22
कांग्रेस – 10
एनसीपी (शरदचंद्र पवार गुट) – 03
समाजवादी पार्टी – 01
महायुति के घटक दलों के बीच हुआ सीट बंटवारा
वहीं, महायुति के घटक दल बीजेपी, शिवसेना (शिंदे गुट) और एनसीपी (अजित गुट) के बीच सीट बंटवारे पर सहमति बन गई। बीजेपी के खाते में 148 सीटें आईं तो शिंदे गुट को 80 सीटें मिलीं। अजित पवार की एनसीपी भी 53 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। साथ ही अन्य छोटे दलों को भी 6 सीटें दी गई हैं। साथ ही गठबंधन एमएनएस को भी एक सीट शिवडी पर समर्थन करेगा।