Maharashtra Assembly Election 2024 : महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव को लेकर वरिष्ठ नेताओं के बीच जुबानी जंग जारी है। सभी पार्टियां खुद की जीत का दावा कर रही हैं। उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 29 नवंबर है, लेकिन अबतक सीट शेयरिंग का मसला नहीं सुलझ पाया। इस चुनाव में अयोध्या सांसद की एंट्री हो गई है। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने सीट शेयरिंग को लेकर बड़ा बयान दिया।
यूपी के अयोध्या (फैजाबाद) से सांसद अवधेश प्रसाद सोमवार को मुंबई पहुंचे और अबू आजमी के नामांकन दाखिल करने में शामिल हुए। महाविकास अघाड़ी (MVA) के घटक दलों और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत चल रही है। समाजवादी पार्टी ने सिर्फ 3 सीटों पर अपने उम्मीदवारे हैं, लेकिन पार्टी ने 5 सीटों की डिमांड की है। अबतक सीट बंटवारे पर सपा की एमवीए से सहमति नहीं बन पाई है, जबकि पर्चा दाखिल करने को सिर्फ 24 घंटे बचे हैं।
अबू आजमी के नामांकन में पहुंचे अयोध्या सांसद
समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि छत्रपति शिवाजी की महान और क्रांतिकारी धरती को प्रमाण और नमन करता हूं। आज मुझे खुशी है कि समाजवादी पार्टी के मजबूत नेता और मुलायम सिंह यादव के करीबी अबू आजमी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल करने जा रहे हैं। लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की ताकत दिख चुकी है। हिंदुस्तान की सबसे बड़ी पंचायत में अखिलेश यादव की ताकत उभरी है। हमने लोकसभा में 37 सीटें जीती हैं।
सीट शेयरिंग पर क्या बोले अवधेश प्रसाद?
उन्होंने आगे कहा कि पार्टी ने लोगों का विश्वास जीता है। इसमें अबू आसिम आजमी की अहम भूमिका रही है। अबू आजमी हजारों वोटों से जीतेंगे। 2027 में जब यूपी में चुनाव होंगे तो बीजेपी का यूपी से सफाया हो जाएगा। अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा की सरकार बनेगी। अयोध्या सांसद ने सीट शेयरिंग को लेकर कहा कि इंडिया गठबंधन के नेता आपस में बातचीत कर रहे हैं। इंडिया गठबंधन संविधान को बचाने के लिए बना है। इंडिया गठबंधन का मकसद महंगाई को दूर करना और आरक्षण को बचाना है।