मुंबई में ब्रिज से नीचे गिरी BMW, 3 युवकों की मौत और एक गंभीर घायल, देखें कोस्टल रोड पर हादसे का VIDEO
मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार तड़के तेज रफ्तार BMW अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरी. हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार तड़के एक तेज रफ्तार BMW कार भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई. (फोटो- @Vershasingh26)
मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार तड़के एक तेज रफ्तार BMW कार भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई. हादसा लोटस जेट्टी के पास हुआ, जहां कार कथित तौर पर नियंत्रण खोने के बाद सड़क किनारे की दीवार से टकराई और पुल से नीचे जा गिरी. दुर्घटना में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है. घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 5:20 बजे लाला लाजपतराय कॉलेज के सामने लोटस जेट्टी के पास हुआ. BMW मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही थी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि गाड़ी की स्पीड काफी तेज थी और इसी दौरान ड्राइवर ने कार पर नियंत्रण खो दिया. इसके बाद कार बाउंड्री वॉल से टकराई और ऊंचाई वाले हिस्से से सीधा नीचे जा गिरी.
विज्ञापन
मुंबई के कोस्टल रोड पर तेज रफ्तार से जा रही एक BMW कार पुल से नीचे गिर गई. इस दौरान हादसे में कार में सवार 4 युवकों में से 3 की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि 1 युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. #BMW#MUMBAIpic.twitter.com/AWzwJMbWBw
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और राहत दल घनटास्थल पर पहुंचे. कार में सवार चारों लोगों को तुरंत नायर अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल के अधिकारियों के अनुसार, डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों में 21 वर्षीय शनाय गज्जल और 17 वर्षीय धैर्य सेठ की पहचान हुई है. करीब 25 वर्षीय एक अन्य युवक की पहचान अभी नहीं हो सकी है. चौथे युवक की उम्र लगभग 20 साल बताई गई है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. उसे अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि BMW का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था. कार की छत अंदर की ओर दब गई थी और विंडशील्ड पूरी तरह से चकनाचूर हो गई थी. मिली जानकारी के अनुसार, बताया गया है कि वाहन पुल से नीचे गिरने से पहले वहां लगे एक साइनबोर्ड से भी टकराया.
फिलहाल पुलिस दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है. शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगी.