मुंबई में गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच शनिवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया. दक्षिण मुंबई के भुलेश्वर इलाके में गणेश प्रतिमा के आगमन समारोह के दौरान भारी प्रतिमा अचानक गिर गई. इसकी चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए. घायलों में पांच और सात साल की दो बच्चियां भी शामिल हैं.
न्यूज एंजेसी ANI के अनुसार, हादसा रात करीब 10 बजे बलराम मर्चेंट रोड पर कबूतरखाना के पास जय अंबे चौक में हुआ. यहां ‘भुलेश्वर चा राजा’ की गणेश प्रतिमा को आगमन जुलूस के जरिए पंडाल की ओर ले जाया जा रहा था. इसी दौरान प्रतिमा का संतुलन बिगड़ा और वह अचानक नीचे जा गिरी. उस समय आस-पास बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद थे, जिसके चलते कई लोग इसकी चपेट में आ गए.
---विज्ञापन---
घटनास्थल पर बचाव कार्य जारी
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटना की जानकारी मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, एंबुलेंस और नगर निगम की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं. जिसके बाद मौके पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और हादसे में घायल हुए लोगों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया.
2 लोगों की मौत 5 लोग घायल
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की पहचान संकेत नेवशे (33) और बृजेश हेमंत जोशी (30) के रूप में हुई है. दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. वहीं, घायलों में वैभव घेनंद (38), पवन चौरसिया (25), पांच वर्षीय लावण्या गनेर, सात वर्षीय दिव्या गनेर और कुणाल काशिद (26) शामिल हैं. अधिकारियों ने बताया कि सभी घायलों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है.
---विज्ञापन---
महाराष्ट्र में धूमधाम से मनाया जाता है गणेशोत्सव
मुंबई और महाराष्ट्र में हर साल बड़े स्तर पर गणेशोत्सव त्योहार मनाया जाता है. इस दौरान लोगों में भारी उत्साह देखने को मिलता है. बता दें कि ये पर्व करीब दस दिनों तक चलता है और घरों के अलावा शहरभर में सार्वजनिक गणेश मंडलों की ओर से भव्य पंडाल तैयार किए जाते हैं. गणेश प्रतिमा को पंडाल तक पहुंचाने के लिए अलग-अलग इलाकों में आगमन समारोह आयोजित किए जाते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं. ढोल-ताशों की गूंज के बीच प्रतिमाओं को जुलूस के रूप में पंडाल तक ले जाया जाता है.
भुलेश्वर में शनिवार रात हुई घटना भी इसी तरह के एक गणेश प्रतिमा आगमन कार्यक्रम के दौरान हुई. हादसे के बाद प्रशासन ने तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू किया. फायर ब्रिगेड, पुलिस और नगर निगम की टीमों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया. अधिकारियों के मुताबिक, घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है.
---विज्ञापन---
वहीं, मुंबई में गणेशोत्सव की तैयारियां भी तेज हो गई हैं. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, इस साल BMC को सार्वजनिक गणेश पंडालों के लिए कुल 3,767 आवेदन प्राप्त हुए थे. इनमें से 2,729 मंडलों को पंडाल लगाने की अनुमति दी गई. वहीं, साल 2022 में 3,487 आवेदन मिले थे जिसमें से 2,417 गणेश मंडलों को मंजूरी दी गई थी. इस साल गणेश चतुर्थी 14 सितंबर को मनाई जाएगी.
---विज्ञापन---