Maharashtra Politics : महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति को पूर्ण बहुमत मिलने के बाद भी अबतक सरकार का गठन नहीं हो पाया। किसके सिर पर सीएम का ताज सजेगा? इसे लेकर अबतक सस्पेंड बरकरार है। हालांकि, यह तो तय है कि बीजेपी से ही कोई मुख्यमंत्री बनेगा। इस सस्पेंस के बीच देवेंद्र फडणवीस ने एकनाथ शिंदे को फोन मिला दिया और उनका हालचाल जाना।
कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अचानक से तबीयत खराब हो गई। उनके एक सहयोगी ने बताया कि पैतृक गांव सतारा में उन्हें बुखार आ गया था। इसके बाद डॉक्टरों की टीम ने उनकी जांच की। दोपहर करीब 2 बजे तक एकनाथ शिंदे हेलीकॉप्टर से ठाणे के अपने घर पहुंचेंगे। इसकी सूचना मिलते ही देवेंद्र फडणवीस ने एकनाथ शिंदे को फोन किया।
दिल्ली से लौटने के बाद गांव सतारा चले गए थे शिंदे
इस दौरान देवेंद्र फडणवीस ने एकनाथ शिंदे से तबीयत के बारे में पूछा और जल्द स्वस्थ होने की बात कही। आपको बता दें कि पिछले दिनों शिंदे दिल्ली गए थे और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ मीटिंग की थी। इसके बाद वे मुंबई लौटे और फिर अपने गांव सतारा चले गए। पिछले तीन दिनों से वह अपने गांव में ही हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि सीएम पद नहीं मिलने से शिंदे नाखुश हैं।
5 दिसंबर को होगा शपथ ग्रहण समारोह
इस बीच खबर आ रही है कि महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री के लिए शपथ ग्रहण समारोह 5 दिसंबर को होगा। महाराष्ट्र बीजेपी के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने भी इस बात की पुष्टि की। बताया जा रहा है कि बीजेपी का उम्मीदवार सीएम बनेगा और नई सरकार में दो डिप्टी सीएम भी होंगे। हालांकि, अभी तक सीएम पद के लिए नाम का आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है।