नासिक पुलिस ने स्वयंभू ज्योतिषी और तांत्रिक अशोक खरात उर्फ कैप्टन को दुष्कर्म के गंभीर आरोप में गिरफ्तार किया है. कथित सेक्स स्कैंडल को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में तूफान आ चुका है, जहां आरोपी के कई बड़े नेताओं से कथित संबंधों की चर्चा जोरों पर है. दावों के मुताबिक, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल और महाराष्ट्र महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर का नाम भी उससे जोड़ा जा रहा है. अशोक खरात पर कई महिलाओं के साथ शोषण और दुष्कर्म के गंभीर आरोप लगे हैं. मामला सामने आते ही विपक्ष सरकार पर हमलावर हो गया है.
अशोक खरात के पैर धोने की तस्वीर वायरल
पहली तस्वीर जो वायरल हुई, वह किसी साधु-संत के सम्मान की लगती है, एक महिला आरोपी अशोक खरात के पैर धो रही है, लेकिन यह महिला कोई आम भक्त नहीं, बल्कि अजित पवार गुट की वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर हैं. तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है, जिसने पूरे राज्य में सनसनी मचा दी है. अशोक खरात खुद को ज्योतिष शास्त्र का बड़ा ज्ञानी बताता था, लेकिन जब उसकी असलियत सामने आई, तो न सिर्फ लोगों के होश उड़ गए, बल्कि पूरे राज्य की राजनीति में हड़कंप मच गया है. नासिक में आम लोगों के बीच अशोक खरात की छवि किसी संत से कम नहीं थी.
---विज्ञापन---
'कैप्टन' नाम से मशहूर
67 वर्षीय अशोक खरात खुद को ज्योतिष शास्त्र, अंकगणित का विशेषज्ञ बताते थे. मर्चेंट नेवी से रिटायर्ड होने के कारण वे 'कैप्टन' नाम से मशहूर थे. धार्मिक आस्था, कथित दैवीय शक्तियों और मंत्र-तंत्र के दम पर 67 साल के खरात ने अपने आसपास भक्तों की बड़ी फौज खड़ी कर ली थी. इसी प्रभाव के चलते महाराष्ट्र के कई बड़े राजनेता, सेलिब्रिटी और उद्योगपतियों के साथ उसके करीबी संबंध बन गए, लेकिन अशोक के इसी रुतबे के पीछे छुपा था ऐसा काला सच, जिसने सामने आते ही सबको हैरान कर दिया. आरोप है कि अपने रसूख का फायदा उठाकर वह महिलाओं को धमकाता और उनका शोषण करता था.
---विज्ञापन---
शिकायत जिसने खोल दी पोल
बताया जा रहा है कि यह सिलसिला लंबे समय से चल रहा था, लेकिन साधु के वेश में छिपे इस चेहरे का पर्दाफाश तब हुआ, जब एक 35 साल की महिला ने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पीड़िता का आरोप है कि खरात ने खुद को दैवीय शक्तियों का मालिक बताकर उसका भरोसा जीता और फिर अपने कार्यालय में बुलाकर नशीला पदार्थ देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया. यह कथित घटनाक्रम 2022 से 2025 के बीच चलता रहा. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इस कथित ढोंगी बाबा को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन जांच में जो खुलासे सामने आए, उन्होंने मामले को और भी सनसनीखेज बना दिया.
अब तक 58 आपत्तिजनक वीडियो मिले
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक पेन ड्राइव बरामद की है, जिसमें अब तक 58 आपत्तिजनक वीडियो मिलने की बात सामने आ रही है. सूत्रों के मुताबिक, इन वीडियो में कुछ चर्चित महिलाओं और सेलिब्रिटीज के होने की आशंका जताई जा रही है, जिसकी गंभीरता से जांच की जा रही है. इस खुलासे के बाद मामला और भी संवेदनशील हो गया है. वहीं, अशोक खरात की गिरफ्तारी के बाद राज्य की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है. आरोपी की कुछ तस्वीरें उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और महाराष्ट्र महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं.
करोड़ों की संपत्ति और 24 मार्च तक रिमांड
इसी मुद्दे को लेकर विपक्ष ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. कांग्रेस ने जहां रूपाली चाकणकर के इस्तीफे की मांग की है, वहीं उद्धव ठाकरे गुट ने इसे महाराष्ट्र की “एपस्टीन फाइल” बताते हुए सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. मामला तूल पकड़ता देख सरकार ने इस पूरे प्रकरण की जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया है. एसआईटी जांच से अब किन-किन बड़े नामों का खुलासा होता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. वहीं, गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 24 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है. पुलिस आरोपी की संपत्तियों की भी जांच कर रही है, जो अलग-अलग शहरों में फैली बताई जा रही हैं और जिनकी कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है.