महाराष्ट्र में एक पेट्रोल पंप को सील करने पहुंचे इंडियन ऑयल के एक अधिकारी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. घटना हिंगोली की है, जहां इंडियन ऑयल के सेल्स मैनेजर महेश शेल्के को पेट्रोल पंप ऑपरेटर के बेटे ने तीखी बहस के बाद सात बार चाकू मारा. इस मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है. शेल्के और उनकी टीम मंगलवार शाम इंडियन ऑयल के एक पेट्रोल पंप को सील करने पहुंची थी. यह पेट्रोल पंप तकनीकी दिक्कतों के चलते तीन महीने से बंद था.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पेट्रोल पंप ऑपरेटर साहेबराव पांडववीर के परिवार ने उसे फिर से शुरू करने के लिए एक महीने का समय मांगा लेकिन अधिकारियों ने मना कर दिया. इसके बाद तीखी बहस हुई, जिसमें ऑपरेटर के बेटे उमेश पांडववीर ने शेल्के को चाकू से सात बार मारा. चाकू से उसके पेट, पीठ और चेहरे पर वार किया गया. हमले के बाद शेल्के जमीन पर गिर गए और उनकी मौत हो गई. इसके बाद आरोपी वहां से कार में सवार होकर भाग गए.
कुरूंदा पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज किया गया है.
इंडियन ऑयल के चेयरमैन अरविंदर सिंह साहनी ने शेल्के की मौत पर दुख जाहिर करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा, ‘महाराष्ट्र के हिंगोली में अपनी सरकारी ड्यूटी निभाते समय हमारे साथी महेश शेल्के पर हुए जानलेवा हमले और उनकी दुखद मौत से हमें गहरा दुख पहुंचा है. मैं इस घिनौनी हरकत की कड़ी निंदा करता हूं. हमने महाराष्ट्र के आला अधिकारियों के सामने यह मामला उठाया है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ जल्द और सख्त कार्रवाई की मांग की है. इस बेहद दुख की घड़ी में इंडियन ऑयल शेल्के के परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है.’
वहीं, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इस हत्या की निंदा करते कहा, ‘महाराष्ट्र में इंडियन ऑयल के मैनेजर महेश शेल्के की सरकारी ड्यूटी के दौरान हुई दुखद मौत की घटना से मुझे गहरा दुख और सदमा पहुंचा है. वे हिंगोली जिले में इंडियन ऑयल के एक रिटेल आउटलेट का कामकाज संभालने वाली टीम का हिस्सा थे, तभी उन पर धारदार हथियार से बेरहमी से हमला किया गया. मैं हिंसा की इस घिनौनी और अस्वीकार्य घटना की कड़ी निंदा करता हूं.’