मातम में बदलीं सगाई की खुशियां, महाराष्ट्र के जलगांव में भीषण सड़क हादसा, एक परिवार के 5 समेत 6 की मौत

Jalgaon Road Accident: गुजरात का परिवार हंसते-खेलते सगाई में शामिल होने के लिए निकला था, लेकिन पता नहीं था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है। बस-बाइक और उनकी कार हादसे का शिकार हो गई, जिसमें 5 लोगों की मौके पर जान चली गई।

Jalgaon Road Accident

जलगांव में हाईवे पर बस-बाइक और कार की टक्कर में लोगों ने जान गंवाई।

जिस परिवार ने घर से खुशियों के साथ सगाई समारोह के लिए सफर शुरू किया था, उसे शायद अंदाजा भी नहीं था कि मंजिल तक पहुंचने से पहले ही मौत उनका इंतजार कर रही है। महाराष्ट्र के जलगांव जिले के अमलनेर तालुका में मंगलवार सुबह हुए एक भयावह ट्रिपल रोड एक्सीडेंट ने छह जिंदगियां निगल लीं। हादसे में गुजरात के एक ही परिवार के पांच लोगों समेत कुल छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। अमलनेर-धुले मार्ग पर मंगरूल गांव के पास सुबह करीब सात बजे यह दर्दनाक हादसा हुआ।

विज्ञापन
विज्ञापन

जोरदार टक्कर से वाहनों के परखच्चे उड़े

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुजरात नंबर की बोलेनो कार अमलनेर में आयोजित सगाई समारोह में शामिल होने के लिए आ रही थी। इसी दौरान कार की सामने से आ रही मोटरसाइकिल और एसटी बस से भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि कार में सवार पूरा परिवार खुशियों के एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। लेकिन कुछ ही पलों में उनकी जिंदगी का सफर हमेशा के लिए थम गया।

बाइक सवार की भी मौके पर मौत हुई

मृतकों की पहचान आदित्य चंद्रकांत महाजन, अनीता सुरेश महाजन, निर्मला नंदलाल महाजन, नंदलाल गोपाल महाजन और सुरेश विक्रम महाजन के रूप में हुई है। सभी गुजरात के व्यारा शहर के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं मोटरसाइकिल चालक की भी मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मोटरसाइकिल पूरी तरह चकनाचूर हो गई, जबकि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीण बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।

विज्ञापन

कार में फंसे बच्चे को लोगों ने बचाया

हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम, पुलिस निरीक्षक दत्तात्रेय निकम, हेड कॉन्स्टेबल कैलाश शिंदे, रवि पाटिल और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से अस्पताल भेजा गया। इस हादसे के बीच एक उम्मीद की किरण भी नजर आई। कार में फंसे एक छोटे बच्चे को ग्रामीणों, पुलिसकर्मियों और एसटी कर्मचारियों ने अथक प्रयास कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि हादसे में एसटी बस में सवार दीपक दिलीप पाटिल घायल हो गए, जिनका उपचार जारी है।

विज्ञापन

पुलिस ने हादसे की जांच शुरू की

पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की संभावित वजह मानी जा रही है। अमलनेर का यह हादसा सिर्फ एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि उन सपनों का अंत है जो एक परिवार ने अपने भविष्य के लिए संजोए थे। सगाई की खुशियों में शामिल होने निकला परिवार कुछ ही पलों में काल के गाल में समा गया। इस दर्दनाक घटना ने न सिर्फ जलगांव, बल्कि गुजरात के व्यारा शहर को भी गहरे शोक में डुबो दिया है।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ