पूर्व क्रिकेटर केदार जाधव ने थामा BJP का दामन, पिछले साल लिया था संन्यास; PM मोदी को बताया...

पूर्व भारतीय क्रिकेटर केदार जाधव ने मुंबई में भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली। पिछले साल ही केदार जाधव ने संन्यास लेने का ऐलान किया था। इस दौरान जाधव ने पीएम मोदी को लेकर भी अपनी बात रखी।

Kedar Jadhav

(Photo-ANI)

पूर्व क्रिकेटर केदार जाधव ने क्रिकेट के बाद अब राजनीति में अपनी सियासी पारी शुरू की है। मंगलवार को उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में आयोजित समारोह में वे प्रदेश भाजपा प्रमुख और मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुए। बावनकुले ने बीजेपी का पटका पहनाकर उनका स्वागत किया। बीजेपी की सदस्यता लेने के बाद जाधव ने कहा कि जब से केंद्र में मोदी की सरकार आई है, उन्हें खूब प्यार और समर्थन मिला है।

जाधव ने कहा कि जनता के सामने जिस तरह की उपलब्धियां पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम देवेंद्र फडणवीस ने हासिल की हैं, यह उनके लिए किसी प्रेरणा से कम नहीं है। मैं उनके दिखाए रास्ते पर चलने के लिए बीजेपी में शामिल हुआ हूं। बीजेपी के लिए छोटे से छोटा योगदान देना भी उनके लिए सौभाग्य की बात है। मुझे विश्वास है कि पार्टी की ओर से जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, उनके ऊपर मैं खरा उतरूंगा। हर जिम्मेदारी को ईमानदारी से निभाएंगे।

आखिरी मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला

बता दें कि पिछले साल जून में ही केदार जाधव ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने का ऐलान किया था। सोशल मीडिया के जरिए उन्होंने इसकी जानकारी दी थी। 39 वर्षीय केदार ने अपना आखिरी मैच 8 फरवरी 2020 को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। 4 मैचों की वनडे सीरीज में वे सिर्फ 35 रन ही बना सके थे। इस सीरीज में सिर्फ 2 मैचों में ही उनको प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया था।

2014 में किया था डेब्यू

केदार जाधव ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 2014 में डेब्यू किया था। श्रीलंका के खिलाफ रांची में उन्होंने 16 नवंबर 2014 को पहला मैच खेला था। जाधव अब तक 73 मैच खेल चुके हैं। उन्होंने 42.09 की औसत से 1389 रन बनाए हैं। वे 2 शतक और 6 अर्धशतक लगा चुके हैं। जाधव ने 27 विकेट हासिल किए हैं। वहीं, जाधव इंटरनेशनल 9 टी-20 मुकाबले खेल चुके हैं, जिन्होंने 123.23 के स्ट्राइक रेट से 58 रन बनाए हैं। केदार आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए खेल चुके हैं। वे सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा भी रहे हैं।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

होम पेज पर वापस जाएँ