---विज्ञापन---

‘फ्री हो तो जिम में मिलो’, राष्ट्रपति से सम्मानित कोच पर नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोप, POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज

कोच पर नाबालिग खिलाड़ी से छेड़छाड़ के आरोप लगे हैं. कोच ने मैसेज भेजकर छात्रा को मिलने के लिए अकेले बुलाया और छेड़छाड़ की. पुलिस ने नाबालिग की शिकायत के आधार पर केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है.

---विज्ञापन---

महाराष्ट्र में मुंबई के विले पार्ले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. प्रतिष्ठित द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित 45 वर्षीय जिम्नास्टिक कोच गणेश देवरुखकर के खिलाफ 16 साल की छात्रा ने छेड़छाड़ और यौन शोषण की कोशिश के गंभीर आरोप लगाए हैं. घटना के बाद छात्रा ने एक पीटी टीचर से मदद ली और फिर विले पार्ले पुलिस स्टेशन पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई. नाबालिग की शिकायत पर विले पार्ले पुलिस ने आरोपी कोच के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

40 साल तक बदलता रहा ठिकाने, 68 की उम्र में चढ़ा हत्थे… 1985 के मर्डर केस में फरार आरोपी को पुलिस ने दबोचा

---विज्ञापन---

कोच ने मैसेज भेजकर मिलने के लिए बुलाया

पुलिस के मुताबिक, घटना शुक्रवार सुबह की बताई जा रही है. नाबालिग छात्रा उस वक्त घर पर पढ़ाई कर रही थी. इसी दौरान उसके जिम्नास्टिक कोच ने उसे WhatsApp पर ‘Hi’ का मैसेज भेजा. छात्रा ने भी जवाब में ‘Hi’ लिखा और इस बातचीत की जानकारी अपनी मां को दी. इसके बाद मां के कहने पर छात्रा ने कोच से मैसेज कर पूछा कि उन्होंने उसे क्यों बुलाया था. आरोप है कि कोच ने पहले छात्रा से पूछा कि वह कहां है और फिर कहा कि अगर वह फ्री है तो जिम्नेजियम आकर उससे मिल सकती है.

जिम्नेजियम में आते ही दरवाजा बंद कर लिया

छात्रा पिछले कई वर्षों से आरोपी कोच से जिम्नास्टिक सीख रही थी. इसलिए उसे लगा कि शायद कोच किसी जरूरी काम या ट्रेनिंग से जुड़ी बात करने के लिए बुला रहे हैं. इसी भरोसे के साथ वह जिम्नेजियम पहुंच गई. शिकायत के मुताबिक, उस वक्त जिम्नेजियम में कोच अकेले थे. आरोप है कि छात्रा के पहुंचने के बाद कोच ने उसे अंदर आने और दरवाजा बंद करने के लिए कहा. इसके बाद उसके साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई और यौन शोषण की कोशिश की गई. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जब वह वहां से जाने लगी तो आरोपी कोच ने कथित तौर पर उससे कहा कि जिम्नेजियम में जो कुछ हुआ, वह दोनों के बीच ही रहना चाहिए.

---विज्ञापन---

एक ही महिला को दिल दे बैठे दो गैंगस्टर, जेल से छूटे दोस्त को बीच सड़क चाकू से गोदा, 1.5 KM पीछा कर पुलिस ने दबोचा

शिकायत के आधार पर पुलिस जांच शुरू

नाबालिग की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी कोच के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है. जिम्नेजियम में उस दिन क्या हुआ, आरोपी और नाबालिग के बीच वास्तव में क्या बातचीत हुई और घटनाक्रम की पूरी कड़ी क्या थी, इन तमाम पहलुओं की जांच की जा रही है. एक तरफ गणेश देवरुखकर खेल जगत में सम्मानित नाम रहे हैं और उन्हें द्रोणाचार्य पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है. वहीं दूसरी ओर, उनके खिलाफ एक नाबालिग छात्रा ने बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. फिलहाल इस मामले में पुलिस जांच जारी है.

---विज्ञापन---

First published on: Aug 24, 2026 01:08 PM

End of Article

About the Author

---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola