---विज्ञापन---

मुंबई angle-right

बदलापुर केस की पूरी कहानी; आरोपी की तीन शादियां, स्कूल में रेप…अक्षय शिंदे एनकाउंटर में कैसे हुआ ढेर?

Badlapur Rape Case Akshay Shinde: सफाईकर्मी अक्षय शिंदे पर दो छात्राओं से स्कूल में रेप का आरोप था। वह पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। पुलिस ने उसे सिर में गोली मारकर ढेर किया। इस एनकाउंटर पर विपक्ष ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।

---विज्ञापन---

Badlapur Rape Case Akshay Shinde: महाराष्ट्र के बदलापुर रेप केस में आरोपी अक्षय शिंदे एनकाउंटर में ढेर हो चुका है। सोमवार शाम अचानक उसकी मौत की खबर सामने आई। शुरू में पता चला कि उसने खुद को गोली मार ली। बाद में ये खबर सामने आई कि उसे पुलिस एनकाउंटर में ढेर कर दिया गया है। अक्षय शिंदे की मौत के बाद विपक्ष ने सवाल उठाना शुरू कर दिया है। आइए जानते हैं बदलापुर रेप केस पर मचे बवाल की पूरी कहानी क्या है।

13 अगस्त को हुई थी बदलापुर रेप की घटना

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में स्थित बदलापुर शहर में 13 अगस्त 2024 को एक स्कूल में रेप की घटना हुई थी। जहां स्कूल में काम करने वाले सफाईकर्मी अक्षय शिंदे पर केजी की दो छात्राओं के यौन उत्पीड़न का आरोप लगा। पुलिस के अनुसार, आरोपी छात्राओं को लघुशंका के लिए लेकर गया था। तभी उसने छात्राओं का रेप किया। दो दिन बाद इनमें से एक छात्रा ने मुंह खोला। लड़की ने मां-बाप को पूरी बात बताई। अभिभावकों ने तुरंत स्कूल प्रशासन को सूचना दी, लेकिन स्कूल ने इसमें लापरवाही बरती। स्कूल ने कहा कि सीसीटीवी 15 दिन से बंद है।

---विज्ञापन---

अभिभावकों को कराया 12.30 घंटे इंतजार

इसके बाद अभिभावक बच्ची को हॉस्पिटल लेकर गए। जहां पता चला कि उसके साथ रेप हुआ। इसके बाद पुलिस में मामला दर्ज कराने ले जाया गया, लेकिन वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शुभदा शितोले पर आरोप लगा कि उन्होंने केस दर्ज करने के लिए अभिभावकों को 12.30 घंटे तक इंतजार कराया। इसके बाद आरोपी अक्षय को गिरफ्तार किया गया। वहीं, काम में लापरवाही के लिए शुभदा शितोले को सस्पेंड कर दिया गया।

---विज्ञापन---

लोग सड़कों पर उतरे

बदलापुर रेप केस का आरोपी अक्षय शिंदे की करतूत कोलकाता रेप कांड के आरोपी संजय रॉय के मामले के बाद सामने आई। कोलकाता रेप कांड पर लोगों का गुस्सा फूटा हुआ था। इसमें बदलापुर रेप केस ने आग में घी डालने का काम किया। लोग सड़कों पर उतर गए। स्थानीय निवासियों ने बदलापुर स्टेशन पर रेलवे ट्रैक को अवरुद्ध कर दिया। साथ ही स्कूल में तोड़फोड़ की। लोग इस घटना पर आक्रोश व्यक्त करने और आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग करने के लिए जुटे थे। विरोध-प्रदर्शन के कारण मुंबई-सूरत वंदे भारत, पुणे दुरंतो और अन्य प्रमुख ट्रेनों सहित कई लंबी दूरी की ट्रेनों का मार्ग भी बदलना पड़ा था। इसके साथ ही इंटरनेट बंद करने का भी आदेश दे दिया गया।

---विज्ञापन---

सरकार ने दिए जांच के आदेश 

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए थे। उन्होंने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन करने के भी आदेश दिए थे। वरिष्ठ वकील उज्ज्वल निकम को विशेष सरकारी वकील नियुक्त किया गया। सरकार ने आश्वासन दिया कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी। आरोपी को लगातार कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जा रहा था। वह पुलिस हिरासत में था।

ये भी पढ़ें: बदलापुर केस में पुलिस की भूमिका पर शुरू से था शक…अक्षय शिंदे एनकाउंटर पर विपक्ष ने उठाए ये 5 सवाल

---विज्ञापन---

आरोपी ने कीं तीन शादियां 

आरोपी अक्षय शिंदे की उम्र 24 साल थी। उसने एक-दो नहीं, बल्कि तीन शादियां की थीं। जानकारी के अनुसार, तीनों पत्नियां उसकी हरकतों से दुखी होकर उसे छोड़ गई थीं। उसके घरवालों ने उसे बेकसूर बताते हुए कहा था कि अक्षय निर्दोष है और उसे फंसाया जा रहा है। वह स्कूल में सुबह 11 बजे सफाई के लिए जाता था।

पुलिस ने कैसे किया एनकाउंटर में ढेर? 

पुलिस का कहना है कि आरोपी अक्षय शिंदे को रिमांड के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस उसे तलोजा जेल से बदलापुर पुलिस स्टेशन लेकर जा रही थी। इस दौरान अचानक अक्षय शिंदे ने जीप में बैठे एक इंस्पेक्टर की रिवॉल्वर छीनकर पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। ये घटना मुंब्रा बाईपास के पास हुई। पुलिस के अनुसार, अक्षय शिंदे ने तीन राउंड फायरिंग की। तुरंत पुलिसकर्मियों ने भी अपनी रिवॉल्वर से जवाबी कार्रवाई कर उसके सिर में गोली मारकर उसे ढेर कर दिया। इस हमले में पुलिसकर्मियों को चोट आई है।

---विज्ञापन---

ये भी पढ़ें: बदलापुर रेप कांड का दरिंदा पुलिस मुठभेड़ में ढेर, रिवॉल्वर छीनकर की थी फायरिंग

First published on: Sep 23, 2024 08:19 PM

End of Article

About the Author

Pushpendra Sharma

पुष्पेन्द्र शर्मा न्यूज 24 वेबसाइट में 'डेस्क इंचार्ज' की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। लगभग 17 वर्षों से मीडिया (प्रिंट, टीवी, वेब) में काम कर रहे हैं। मूलत: राजस्थान भरतपुर के निवासी हैं। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत 2008 में प्रिंट मीडिया Dainik Bhaskar से की थी। इसके बाद Rajasthan Patrika, Bhaskar.com और DNA Hindi (Zee Media) जैसे संस्थानों के लिए काम किया। News24 Website में न्यूज टीम को लीड कर रहे हैं। इसके साथ ही स्पोर्ट्स टीम का लीड कर चुके हैं। अपने करियर में लगभग सभी विषयों (राजनीति, क्राइम, देश-विदेश, शिक्षा, क्रिकेट, लाइफस्टाइल, मनोरंजन आदि) पर रिपोर्टिंग का अनुभव रखते हैं। साथ ही एडिटिंग का कार्य कर चुके हैं। न्यूज 24 पर सबसे पहले और सबसे सटीक खबरें प्रकाशित हों और सही तथ्यों के साथ पाठकों तक पहुंचें, इसी उद्देश्य के साथ सतत लेखन जारी है।

Read More
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola