मध्य प्रदेश से BJP के दिग्गज नेता नरोत्तम मिश्रा को शिवसेना UBT का ऑफर मिलाहै। शिवसेना UBT और मशाल के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ने के लिए टिकट का ऑफर उन्हें मिला है। शिवसेना मध्य प्रदेश के प्रमुख सुनील शर्मा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके नरोत्तम को ऑफर दिया। उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे सहित सभी राष्ट्रीय नेताओं के चुनाव प्रचार के लिए आने का दावा किया है। शिवसेना के मध्य प्रदेश IT सेल प्रमुख नाहर सिंह सिसोदिया ने भी ऑफर को लेकर पुष्टि की है।
नरोत्तम का टिकट काटकर आशुतोष को दिया
बता दें कि प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का उपचुनाव टिकट काटकर पूर्व संभागीय संगठन मंत्री आशुतोष तिवारी को दे दिया गया। नरोत्तम को चुनाव टिकट न दिए जाने की वजह एंटी इंकंबेंसी को बताया जा रहा है, जिसका खुलास पार्टी की ओर से कराए गए एक सर्वे में हुआ है। को-ऑपरेटिव बैंक धोखाधड़ी मामले में 3 साल की सजा होने के कारण कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता रद्द हो गई है। इसलिए दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराने की नौबत आई है।
नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों का विरोध प्रदर्शन
नरोत्तम मिश्रा का चुनाव टिकट कटने से उनके समर्थक नाराज हो गए और उनमे अंसतोष फैल गया। उन्होंने इलाके का माहौल खराब करने की कोशिश की। दुकानें-बाजार बंद करवाकर भाजपा विरोधी नारेबाजी करते हुए नेशनल हाईवे-44 ब्लॉक करके ट्रैफिक जाम कर दिया। SP और कलेक्टर ने समझाने का प्रयास किया तो पत्थरबाजी करके उन्हें घायल कर दिया। हालात और खराब होने से रोकने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग करके प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा, हाईवे को खोलकर ट्रैफिक बहाल कराया।
नरोत्तम मिश्रा की शांति बनाए रखने की अपील
दतिया से उपचुनाव टिकट कटने के बाद समर्थकों के द्वारा किए गए बवाल पर नरोत्तम मिश्रा का बयान आया है। उन्होंने अपने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के विरोध के वीडियो फुटेज मिले हैं, जो अच्छे नहीं लगे। अपने समर्थकों से अपील है कि वे कोई भी ऐसा काम नहीं करें, जिससे किसी का नुकसान हो। पार्टी कार्यकर्ताओं से विरोध प्रदर्शन न करने की अपील की है। विरोध करना ही है तो अहिंसा और शांति के रास्ते पर चलकर भी किया जा सकता है।
समर्थकों की BJP से इस्तीफा देने की धमकी
बता दें कि नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने से नाराज उनकी समर्थक BJP जिला कार्यकारिणी ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह समेत जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष, नगर पालिका दतिया अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, बड़ौनी पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, दतिया के 6 मंडलों के अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, दतिया और बड़ौनी के पार्षदों, 281 बूथों के अध्यक्ष एवं बाकी कार्यकारिणी ने पद छोड़ दिए हैं। नरोत्तम मिश्रा को प्रत्याशी नहीं बनाए जाने पर सभी ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है।