Madhya Pradesh Assembly Election: मध्यप्रदेश सहित पांच राज्यों के चुनाव में अब पूर्व प्रधानमंत्री की एंट्री हो चुकी है, बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के बहाने कांग्रेस पर निशाना साधा है। दरअसल, सुधांशु त्रिवेदी आज मध्यप्रदेश के खंडवा पहुंचे। जहां उन्होंने स्थानीय गौरीकुंज सभागृह में आयोजित "कल आज और कल मध्य प्रदेश" विषय को लेकर आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन में शिरकत की। उन्होंने मंच से कहा कि "हमारे पास वायुसेना आजादी के पहले से है। जब हम आजाद हुए थे, तब चीन के पास वायु सेना नहीं थी।
राहुल गांधी पर साधा निशाना
चीन की एयर फोर्स साल 1950 में बनी थी। आप यह सोचिए कि हमारी ताकत उनके ऊपर कितनी बड़ी थी। यदि हमने वह शक्ति संभाल कर रखी होती तो चीन की हैसियत ही नहीं होती कि हम पर हमला कर दे। लेकिन हम तो वायुसेना के लड़ाकू विमान उड़ाने से ज्यादा शांति के कबूतर उड़ाने में मशगूल थे। त्रिवेदी ने राहुल गांधी को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा- कि भारत की राजनीति के चीर युवा और चीर व्याकुल नेता ने हमें जिन-जिन देशों की धरती से जाकर के ज्ञान दिया, उनमें से एक देश ऐसा बता दीजिए, जिसकी विकास दर हमसे ज्यादा हो और जिसके यहां महंगाई दर कम से कम हो। वे देश के बाहर से जाकर ज्ञान देना छोड़ दें या हकीकत को जाने।
मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर कसा तंज
एक दौर था, जब MP में बिजली पानी और सड़क चुनौती का मुद्दा हुआ करता था और मध्य प्रदेश का बंटाधार हो गया था। इतना ही नहीं उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि जब हम कल आज और कल की बात करते हैं, तो इस पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बोला- कि चुनाव तो मैनेजमेंट और समीकरणों के आधार पर जीते जाते हैं। यह सोच थी, कल के नेताओं की। हमारी सरकारों ने विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़कर इस सोच को ही बदल डाला।
सुधांशु त्रिवेदी ने देशभर में पड़ रहे रहे ईडी के छापों को लेकर कहा कि कोई एक पार्टी बता दीजिए जिनके ऊपर 2014 के पहले भ्रष्टाचार के आरोप ना लगे और उन्हें जेल न जाना पड़ा हो। व्यापम मामले में मध्यप्रदेश के कांग्रेस नेताओं को सुप्रीम कोर्ट की फटकार भी लग चुकी है। इसके बाद त्रिवेदी ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कई घोटाले के नाम गिनाए। वहीं एमपी में केंद्रीय मंत्रियों के चुनावी दौैरों को लेकर त्रिवेदी ने कहा कि BJP के जितने भी मंत्री हैं या सांसद हो या प्रधानमंत्री हो, सब कार्यकर्ता भाव से काम करते हैं, छोटा चुनाव हो, या बड़ा चुनाव हो, हम सबको गंभीरता से लेते हैं।