हमारे साथ जुड़ें X IG YT FB
Trending: Tiger ShroffCJP ProtestGyanesh KumarBigg Boss 20

'मर जाएंगे, गाड़ी रोक दो…', एमपी के धार में कार के बोनट पर लटके पिता-पुत्र; 4 km तक गाड़ी दौड़ाता रहा ड्राइवर

मध्य प्रदेश के धार जिले के कुक्षी में विवाद के बाद एक कार चालक पर पिता-पुत्र को बोनट पर लटकाकर करीब 4 किलोमीटर तक गाड़ी दौड़ाने का आरोप है. दोनों गाड़ी रोकने की गुहार लगाते रहे. आखिरकार ग्रामीणों ने लोनी फाटे के पास कार रुकवाकर उनकी जान बचाई. पुलिस ने कार जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

विज्ञापन
मध्य प्रदेश के धार जिले में पिता-पुत्र को बोनट पर लटकाकर कार दौड़ाने की घटना का CCTV फुटेज सामने आया है. (Image- Video Screenshot)

मध्य प्रदेश के धार जिले के कुक्षी में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां एक कार चालक पर आरोप है कि वह पिता-पुत्र को बोनट पर लटके होने के बावजूद करीब 4 किलोमीटर तक गाड़ी दौड़ाता रहा. दोनों बार-बार चिल्लाकर कहते रहे, ‘हम मर जाएंगे, प्लीज गाड़ी रोक दो’, लेकिन चालक ने उनकी एक नहीं सुनी. आखिरकार ग्रामीणों ने कार का पीछा कर लोनी फाटे के पास उसे रुकवाया और दोनों की जान बचाई. यह घटना 21 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पुलिस ने कार जब्त कर ली है और चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की चार धाराओं में मामला दर्ज किया है.

पैर में टक्कर लगने के बाद शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, घटना कुक्षी थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-2 स्थित सुतार मोहल्ले की है. शिकायतकर्ता बाबूलाल भूराजी रात में पैदल अपने घर जा रहे थे. इसी दौरान कार नंबर MP-13-ZL-8063 के चालक ने कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उनके पैर में टक्कर मार दी. इसके बाद बाबूलाल ने चालक को रोककर समझाने की कोशिश की. आरोप है कि चालक ने बात सुलझाने के बजाय उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. इसी बीच बाबूलाल का बेटा भारत भी वहां पहुंच गया.

कार की फोटो खींचने पर चालक ने बढ़ा दी रफ्तार

विवाद के दौरान भारत कार की फोटो खींचने लगा. आरोप है कि इससे नाराज होकर चालक ने अचानक गाड़ी आगे बढ़ा दी. इस दौरान बाबूलाल और भारत कार के बोनट पर जा गिरे. दोनों ने खुद को संभालने और नीचे गिरने से बचने की कोशिश की. पिता-पुत्र बोनट पर फंसे हुए थे और चालक से बार-बार गाड़ी रोकने की गुहार लगा रहे थे. वे चिल्लाकर कह रहे थे कि उनकी जान जा सकती है, लेकिन आरोप है कि चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार बनाए रखी. इस तरह दोनों की जान लगातार खतरे में बनी रही.

विज्ञापन

ग्रामीणों ने पीछा कर बचाई पिता-पुत्र की जान

पिता-पुत्र की चीखें सुनकर आसपास के ग्रामीण मदद के लिए आगे आए. उन्होंने कार का पीछा करना शुरू कर दिया. काफी कोशिशों के बाद करीब 4 किलोमीटर दूर लोनी फाटे के पास कार को रुकवाया गया. इसके बाद दोनों को सुरक्षित बचा लिया गया. घटना के दौरान सड़क पर मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई. समय रहते ग्रामीण कार नहीं रुकवाते, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था.

चालक के नशे में होने की भी चर्चा

पुलिस के मुताबिक, कार में सवार लोग इंदौर से डही में अपने रिश्तेदारों से मिलने आए थे और रात में वापस लौट रहे थे. ग्रामीणों ने चालक के शराब के नशे में होने की बात कही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस ने कार जब्त कर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की चार धाराओं में मामला दर्ज किया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

संबंधित खबरें

न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

Know More: Editorial Guidelines

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

ताज़ा खबरें

Sponsored Links by Taboola