'जब तक चलेगा आंदोलन, तब तक…', जंतर-मंतर के बाद अब रांची पहुंचे जुनैद, छात्रों को बांटेंगे खाना
दिल्ली के जंतर-मंतर पर खाना बांटने को लेकर हुए विवाद पर जुनैद खान ने कहा कि वह किसी कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं.
Edited By Arif Khan

Edited By Arif Khan

दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन से चर्चा में आए मोहम्मद जुनैद खान अब रांची पहुंच गए हैं. जुनैद ने छात्र आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों के लिए मुफ्त भोजन और पानी की व्यवस्था की थी. रांची में जुनैद JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के आंदोलन में शामिल छात्रों के लिए भोजन की व्यवस्था करेंगे.
न्यूज24 से बातचीत में जुनैद ने बताया कि वह पहली बार रांची आए हैं. उन्होंने कहा, ‘यहां भी छात्र और नौजवान अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. मैं तब तक रांची में रहूंगा, जब तक यह आंदोलन चलेगा. शहर मेरे लिए नया है, लेकिन जितनी भी खाद्य सामग्री उपलब्ध होगी, उसे आंदोलनकारी छात्रों तक पहुंचाने की कोशिश करूंगा.’
यह भी पढ़ें : ‘हमारा एजुकेशन सिस्टम…’, कांग्रेस पर उठते सवालों के बीच झारखंड छात्र प्रदर्शन पर राहुल गांधी ने तोड़ी चुप्पी
दिल्ली के जंतर-मंतर पर खाना बांटने को लेकर हुए विवाद पर जुनैद खान ने कहा कि वह किसी कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं. उनके मुताबिक, ‘विवाद अपनी जगह है, लेकिन जरूरतमंदों की सेवा और आंदोलनकारी छात्रों तक भोजन पहुंचाने की मेरी कोशिश अपनी जगह है.’
आंदोलन कर रहे छात्रों और झारखंड सरकार के बीच प्रस्तावित वार्ता को लेकर फिलहाल संशय की स्थिति बनी हुई है. सरकार से बातचीत के लिए गठित छात्र प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन के माध्यम से अपने सदस्यों के नाम सरकार को भेज दिए हैं, लेकिन गुरुवार देर शाम तक वार्ता होने की संभावना बेहद कम नजर आ रही है.
यह भी पढ़ें : झारखंड में भूख हड़ताल पर बैठे 5 और प्रदर्शनकारी, CM सोरेन का बातचीत का ऑफर, जानें क्या है छात्र आंदोलन की मांगें
इधर, बातचीत को लेकर असमंजस के बीच छात्रों ने जयपाल सिंह स्टेडियम से फ्लैश लाइट मार्च निकाला. हाथों में मोबाइल की रोशनी लेकर छात्रों ने शांतिपूर्ण तरीके से मार्च किया और ‘वंदे मातरम्’ तथा राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया. इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी आंदोलन के समर्थन में पहुंचे और छात्रों का उत्साह बढ़ाया।.
रांची की रहने वाली पल्लवी, जो एक निजी कंपनी में नौकरी करती हैं, रोजाना अपनी ड्यूटी खत्म होने के बाद जयपाल सिंह स्टेडियम पहुंचकर छात्रों के आंदोलन में शामिल होती हैं. उनका कहना है कि यह सिर्फ छात्रों की लड़ाई नहीं, बल्कि पूरे राज्य के युवाओं के भविष्य का सवाल है. पल्लवी बताती हैं कि उनका भाई यूपीएससी की तैयारी करता है, लेकिन वह जेपीएससी का फॉर्म तक नहीं भरता. उनके मुताबिक, जेपीएससी का नाम आते ही घोटालों और अनियमितताओं की खबरें सामने आती हैं, जिससे युवाओं का भरोसा पूरी तरह टूट चुका है.
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: